जमशेदपुर : श्रमिक संगठन इंटक में एक बार फिर से अंजनी पांडेय व रवि नंदन सिंह की वापसी हुई है. सोमवार को उन्होंने एक बार फिर से इंटक में योगदान दे दिया. इंटक के प्रदेश अध्यक्ष और मजदूर नेता राकेश्वर पांडेय से इन दोनों नेताओं ने एक साथ मुलाकात की. इस मौके पर अंजनी पांडेय, रवि नंदन सिंह, इंटक की राष्ट्रीय महिला संगठन सचिव शिखा चौधरी, महिला इंटक की राष्ट्रीय सचिव उषा सिंह, मधुबाला, टिनप्लेट यूनियन के उपाध्यक्ष परविंदर सिंह, टिनप्लेट यूनियन के महासचिव मनोज सिंह, नितेश शर्मा, अमित ओझा, विश्वजीत पांडा, मंतोष पांडेय , तबरेज और अमित सिंह सहित कई लोग मौजूद थे. इस मौके पर इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि अंजनी पांडेय व रवि नंदन सिंह काफी समय से मजदूरों के अधिकारों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

संगठन में शामिल होने वाले नेताओं का मानना है कि इंटक जैसा मजबूत और सक्रिय मंच मजदूरों की सेवा के लिए सबसे बेहतरीन प्लेटफॉर्म है. कार्यक्रम के दौरान अंजनी पांडेय ने कहा कि देश की रीढ़ उद्योग हैं और उद्योगों की रीढ़ मेहनतकश मजदूर हैं. ऐसे में मजदूरों के हितों की रक्षा करना और उनके सुख-दुख में मजबूती से खड़े रहना उनकी प्राथमिकता होगी. वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि इंटक के माध्यम से श्रमिकों को उनका बनता सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए वे पूरी क्षमता के साथ काम करेंगे. बीच में कुछ समय के लिए अन्य संगठनों या गतिविधियों से जुड़े रहने के बाद, नेताओं ने यह महसूस किया कि इंटक की कार्यशैली और मजदूरों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता अद्वितीय है. यही कारण है कि उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ एक बार फिर इंटक का दामन थाम लिया है. संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया है कि इन अनुभवी चेहरों के जुड़ने से मजदूर आंदोलन को और अधिक मजबूती मिलेगी.












