जमशेदपुर: मदरसा जियाईया दारुल किरात की ओर से 26वां उर्स मुजव्विद-ए-आजम-ए-हिंद, जलसा-ए-दस्तारबंदी तथा ऑल इंडिया जियाई तजवीद व किरात सेमिनार का आयोजन 4 नवंबर बुधवार को किया जाएगा. इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से उलेमा-ए-किराम एवं इस्लामी विद्वान शिरकत करेंगे. साथ ही मदरसा के 10 फारिग होने वाले हाफिज एवं कारी बच्चों की दस्तारबंदी की जाएगी. कार्यक्रम के संबंध में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मदरसा के संस्थापक कारी मो असलम रब्बानी जियाई ने बताया कि मुख्य सेमिनार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक होटल द महल इन, चेपापुल के समीप, ओल्ड पुरुलिया रोड, मानगो, जमशेदपुर में आयोजित होगा. कार्यक्रम का शुभारंभ कारी सदाकत हुसैन अजहरी की तिलावत-ए-कुरआन से होगा. इसके बाद कोलकाता के कारी सरफाज उल्फत नात-ए-शरीफ पेश करेंगे और फिर सेमिनार की विधिवत शुरुआत होगी. सेमिनार का संचालन कोलकाता के प्रोफेसर सज्जाद आलम मिस्बाही करेंगे. कार्यक्रम में पूर्णिया के मुफ्ती मुतिउर्रहमान रजवी, दिल्ली के मुफ्ती इश्तियाकुल कादरी काजी, लखनऊ के मुफ्ती फैजानुल मुस्तफा, उत्तर प्रदेश के मुफ्ती अजहर अहमद, अशरफिया मुबारकपुर के मौलाना सदरुल वरा, सहसराम के अल्लामा मल्लिकुज्जफर, पटना के डॉ. अमजद रजा अमजद, राउरकेला (ओडिशा) के मुफ्ती सैयद मुहसिन मियां तथा कोलकाता के मौलाना रोशन जमीर समेत कई अन्य उलेमा-ए-किराम शामिल होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
सेमिनार के समापन पर मदरसा जियाईया दारुल किरात के 10 फारिग होने वाले हाफिज एवं कारी बच्चों की दस्तारबंदी की जाएगी. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे ख्वाजा नमाज मस्जिद में जोहर की जमात होगी. नमाज के बाद मदह-ए-नात एवं खुसूसी बयान का आयोजन किया जाएगा. दोपहर 2:40 बजे कुल शरीफ, सलात-ओ-सलाम और सामूहिक दुआ होगी. इसके पश्चात लंगर का वितरण किया जाएगा. संवाददाता सम्मेलन में मदरसा के अध्यक्ष हजरत कारी मो. असलम रब्बानी जियाई, आजादनगर थाना शांति समिति के सचिव मुख्तार आलम, मदरसा के सचिव सुहैल खान, मुफ्ती शफाअत नूरी मिस्बाही, कारी अमजद जियाई, कारी मो. सगीर अहमद, कारी रियाज, कारी इस्माइल, कारी कमर रजा एवं कारी मो. शौकत जियाई समेत अन्य लोग उपस्थित थे.












