जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को अवैध तरीके से सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में दो पीओएस (पॉश) एजेंट और जियो कंपनी का एक कर्मचारी शामिल है. पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं. आरोप है कि ये लोग सिम कार्ड जारी करने के दौरान केवाईसी प्रक्रिया में धोखाधड़ी कर अतिरिक्त सिम निकालते थे और उसे मोटी रकम लेकर साइबर अपराधियों को बेच देते थे. इस संबंध में जमशेदपुर साइबर अपराध थाना में विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट 2008 और दूरसंचार अधिनियम 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, दूरसंचार विभाग की ओर से वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को पत्र भेजकर कुछ पॉश एजेंटों की साइबर अपराधियों के साथ मिलीभगत की खुफिया जानकारी दी गई थी. जांच में पता चला कि पॉश एजेंट रौनक कुमार, सन्नी कुमार साव और जियो कंपनी के कर्मचारी प्रकाश कुमार की मिलीभगत से कई ऐसे सिम कार्ड जारी और एक्टिवेट किए गए थे, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराध में किया जा रहा था. इन सिम कार्डों से संबंधित शिकायतें चक्षु पोर्टल और एनसीआरपी पोर्टल पर भी दर्ज थीं. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सरकारी दिशा-निर्देशों और केवाईसी प्रक्रिया का उल्लंघन कर अवैध रूप से बड़ी संख्या में सिम कार्ड जारी करते थे. (नीचे भी पढ़ें)
इसके लिए वे सीधे-सादे और कम पढ़े-लिखे लोगों को निशाना बनाते थे. ग्राहकों को सिम कार्ड देने के दौरान धोखे से एक से अधिक बार केवाईसी कराई जाती थी. ग्राहक को केवल एक सिम कार्ड दिया जाता था, जबकि उसी के नाम पर जारी किया गया दूसरा या अतिरिक्त सिम कार्ड आरोपियों द्वारा अपने पास रख लिया जाता था. बाद में इन अतिरिक्त सिम कार्डों को पैसे लेकर साइबर अपराधियों को उपलब्ध करा दिया जाता था. इनका इस्तेमाल देश के विभिन्न हिस्सों में वित्तीय धोखाधड़ी, बैंक फ्रॉड और अन्य गंभीर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में किया जा रहा था. पकड़े गये लोगों में जमशेदपुर के बर्मामाइंस लांग टांग बस्ती के रघुवर नगर के रोड नंबर 9 निवासी रौनक कुमार, गोलमुरी केबुल बस्ती रोड नंबर 1 निवासी सन्नी कुमार साव और टेल्को रामाधीन बगान मनीफीट निवासी प्रकाश कुमार शाामिल है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल पांच मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने अब तक कितने अवैध सिम कार्ड जारी किए हैं तथा इनके माध्यम से देशभर में कितने साइबर अपराधों को अंजाम दिया गया है. कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी श्रीनिवास कुमार, पुलिस निरीक्षक अमित अभिषेक, चेतन बैरागी, पंकज निषाद, रमेश कुमार राजवार, प्रदीप खलखो, रूपेश कुमार कोठारी तथा अनुसंधानकर्ता प्रदीप वर्मा शामिल थे.












