रामगोपाल जेना/चक्रधरपुर : कल्याण मंच बुड़ीगोड़ा के तत्वावधान में दिसंबर महीने में भव्य खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. इस आयोजन में फुटबॉल प्रतियोगिता के साथ-साथ दौड़, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, आदिवासी नृत्य और कई मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी. कार्यक्रम के तहत 20 से 23 दिसंबर तक फुटबॉल प्रतियोगिता, 25 दिसंबर को खेलकूद एवं आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता तथा 26 दिसंबर को फुटबॉल का फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि फुटबॉल की विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख 50 हजार रुपये और ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 1 लाख 50 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी. इसके अलावा अन्य टीमों के लिए भी आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं. आयोजन में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों के लिए भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की व्यवस्था की गई है. वहीं आदिवासी नृत्य प्रतियोगिता के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
आयोजकों के अनुसार फुटबॉल प्रतियोगिता में कुल 64 टीमों को शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए प्रवेश शुल्क 8,500 रुपये निर्धारित किया गया है तथा पंजीकरण की अंतिम तिथि 18 दिसंबर 2026 रखी गई है. कल्याण मंच बुड़ीगोड़ा ने क्षेत्र के सभी फुटबॉल खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और आम जनता से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है.












