जमशेदपुर : स्वावलंबी झारखण्ड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (एसजेएमडीसी) के तत्वावधान में जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में 20 महिलाओं के बीच कुल 8 लाख रुपये का लघु ऋण वितरित किया गया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद के विधायक राज सिन्हा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी राजकुमार सिंह उपस्थित थे. कार्यक्रम का शुभारंभ सेंटर के निदेशक एवं खादी ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), पूर्वी भारत के निवर्तमान चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने विषय प्रवेश करते हुए किया. उन्होंने सेंटर के क्रियाकलापों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस प्रकल्प की शुरुआत वर्ष 2012 में मात्र 50 महिलाओं को 5 लाख रुपये का ऋण वितरित कर की गई थी. आज इस प्रकल्प के माध्यम से लगभग 4,500 से अधिक महिलाओं के बीच करीब 9 करोड़ रुपये का लघु ऋण वितरित किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन महिलाओं को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है, जिन्हें छोटे व्यवसाय शुरू करने अथवा विस्तार करने के लिए बैंकों से ऋण नहीं मिल पाता था. (नीचे भी पढ़ें)

ऐसी महिलाएं पहले बाजार से ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने को विवश थीं, जिसके कारण व्यवसाय से होने वाला मुनाफा ब्याज चुकाने में ही समाप्त हो जाता था. एसजेएमडीसी ने उन्हें कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया. आज इस योजना से जुड़ी महिलाएं टिफिन सेवा, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, जनरल स्टोर, सब्जी एवं कपड़ों के व्यवसाय के माध्यम से न केवल अपनी आजीविका चला रही हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं. मुख्य अतिथि धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने स्वदेशी जागरण मंच द्वारा संचालित इस प्रकल्प की सराहना करते हुए कहा कि समाज में आर्थिक आत्मनिर्भरता लाने के लिए इस प्रकार के प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं. उन्होंने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए सफलता के कुछ प्रेरक उदाहरण भी प्रस्तुत किए. उन्होंने बताया कि बोकारो की सुनीता कोठारी, जो पहले एक गृहिणी थीं, ने घर से ही सजावटी सामान का व्यवसाय शुरू किया और आज इससे अच्छी आय अर्जित कर रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इसी प्रकार उन्होंने रांची की संगीता देवी का उदाहरण देते हुए बताया कि वे पहले दिहाड़ी मजदूरी करती थीं. उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर सब्जी एवं तरबूज की खेती का कार्य शुरू किया और आज उनका कारोबार लगभग 60 लाख रुपये तक पहुंच गया है. श्री सिन्हा ने कहा कि निरंतरता, मेहनत और ईमानदारी के साथ किया गया कोई भी कार्य निश्चित रूप से सफलता दिलाता है. उन्होंने उपस्थित महिलाओं से भी इन उदाहरणों से प्रेरणा लेकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया. साथ ही सभी लाभार्थी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम का संचालन स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत प्रचार प्रमुख अमित मिश्रा ने किया. इस अवसर पर घनश्याम दास, मुकेश कुमार, रमेश कुमार, अमित कुमार, मनोज सखुजा, कौशल किशोर, गुरजीत सिंह, देव मुखर्जी सहित बड़ी संख्या में स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित थीं.












