जमशेदपुर : साकची आमबगान स्थित एएसजी आइ हॉस्पिटल में इलाज को लेकर एक मरीज के परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. रोहन नामक युवक ने अपनी मां मालती सिंह के इलाज में हो रही परेशानियों को लेकर अस्पताल प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं. रोहन का कहना है कि उनकी मां की आंख का इलाज पिछले कई महीनों से अस्पताल में चल रहा है. इस दौरान इलाज और दवाइयों पर काफी पैसे खर्च हो चुके हैं, लेकिन दवाइयों का असर खत्म होते ही आंखों में दोबारा परेशानी शुरू हो जाती है. उन्होंने बताया कि पिछली बार रेटिना में सूजन आने पर इंजेक्शन लगाया गया था जिसके लिए हजारों रुपये खर्च करने पड़े थे. परिवार ने किसी तरह पैसों का इंतजाम कर इलाज कराया. लेकिन कुछ महीने बाद इंजेक्शन का असर खत्म होने के साथ ही फिर से आंखों में परेशानी होने लगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद दिल्ली से जमशेदपुर पहुंचे रोहन जब अस्पताल में इस संबंध में बात करने गए तो उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के स्टाफ ने उनके साथ बदतमीजी की. मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में पुलिस की मौजूदगी में अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच वार्ता हुई. इस दौरान अस्पताल के स्टाफ मैनेजमेंट के एचओडी ने आश्वासन दिया कि अब मरीज का आगे का इलाज उनकी निगरानी में होगा. साथ ही इलाज को लेकर परिजनों की शिकायतों पर भी ध्यान देने की बात कही गई.















