जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले (जमशेदपुर) के धालभूमगढ़ थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ भाटीसाल बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की क्रॉसिंग पर शुक्रवार देर शाम तीन वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण सड़क दुर्घटना में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में पाइप लदा ट्रक, एनएचएआई का पिकअप वैन और चिप्स लदा छोटा हाथी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंच गए. स्थानीय लोगों और प्रशासन के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पांच लोगों को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

मिली जानकारी के अनुसार, पाइप लदा ट्रक (एनएल 04 एए 0315) जमशेदपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान एरोड्रम की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार क्रॉसिंग पार कर जमशेदपुर की ओर मुड़ने लगी. अचानक कार को सामने देखकर ट्रक चालक ने उसे बचाने के प्रयास में ट्रक को बायीं ओर मोड़ दिया. इस दौरान सड़क किनारे मजदूरों को उतारने के लिए खड़ा एनएचएआई का पिकअप वैन ट्रक की चपेट में आ गया. तभी क्रॉसिंग पार कर रहा चिप्स लदा छोटा हाथी भी दुर्घटना की चपेट में आ गया. तीनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप वैन और छोटा हाथी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. बताया जाता है कि एनएचएआई के पिकअप वैन में सवार मजदूर राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर पर घास की सफाई का काम कर रहे थे. काम समाप्त होने के बाद सभी मजदूर घर लौटने की तैयारी में थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घटना की सूचना मिलने पर ‘सेवा ही धर्म’ की एंबुलेंस और एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची. दोनों एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया. दुर्घटना में घायल लोगों की पहचान मोहम्मद रिजवान (38), घाटशिला, सूरज गोप (28), स्वर्गछिड़ा, बाहा हांसदा (35), सुंडीसोल, कारना बेसरा (55), रुआसोल, तापस चित्रकार (29), नरसिंहगढ़, मोहम्मद दिलशाद, घाटशिला और जय सिंह (58), औरंगाबाद के रूप में हुई है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने पांच घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया. इधर, घटना की सूचना मिलने पर धालभूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.












