जमशेदपुर: छठ पूजा के मद्देनजर मानगो नगर निगम क्षेत्र के सभी 14 छठ घाटों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से शुक्रवार तक 350 स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराई जा चुकी है. इसके अलावा चाणक्यपुरी, रामनगर और श्यामनगर छठ घाट पर तीन हाईमास्ट लाइट भी दुरुस्त कराई गई हैं. नगर निगम क्षेत्र के इंटकवेल, चाणक्यपुरी, वर्कर्स कॉलेज, अकाली घाट, वास्तु विहार, बैकुंठ नगर, लालजी खटाल, साईं सूरज आश्रम, गौड़ बस्ती, शांति नगर, लक्ष्मण नगर, श्याम नगर, राम नगर और गोकुल नगर छठ घाटों पर तैयारियां की जा रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
इन घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर भी रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. वहीं, सीएसआर के तहत आईसीआईसीआई बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक की ओर से जनरेटर उपलब्ध कराए जाएंगे. श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नगर निगम बांस की बैरिकेडिंग कराएगा. साथ ही घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.












