जमशेदपुर : दीपावली एवं लक्ष्मी पूजा के अवसर पर जमशेदपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जमशेदपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है. वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है. साकची, सिदगोड़ा, सीतारामडेरा, टेल्को, बिष्टुपुर और कदमा सहित शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस ड्रोन के जरिए संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और प्रमुख सड़कों पर नजर रख रही है. (नीचे देखे पूरी खबर)

पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने, विधि-व्यवस्था संधारण तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल पूरी तरह सतर्क एवं मुस्तैद है. ड्रोन निगरानी के साथ पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था भी जारी है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की है.












