जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के उईनाला गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान सारथी पाल के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में मृतका के चचेरे भाई अरुण कुमार साहू ने बहरागोड़ा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक, सारथी पाल की शादी करीब तीन साल पहले शांतनु पाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. (नीचे देखे पूरी खबर)

आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति शांतनु पाल, ससुर शक्ति पाल और सास शिवानी पाल दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. यहां तक कि बेटी को जन्म देने के बाद भी उसे ताने सुनाए जाते थे. परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि सारथी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग उईनाला गांव पहुंचे. वहां उन्होंने सारथी का शव फंदे से लटका हुआ पाया. इसके बाद परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई. बताया गया है कि मृतका के माता-पिता फिलहाल गाजियाबाद में रहते हैं. बेटी की मौत की सूचना मिलने के बाद वे वहां से रवाना हो चुके हैं. इधर, पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल, पुलिस ने प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही विवाहिता की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.











