जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के गणेश पूजा मैदान के पीछे रहने वाली जहां रविवार देर रात चोरों ने पार्वती नामक महिला के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया. जानकारी के अनुसार घर में पार्वती अपनी बेटी के साथ रहती हैं जबकि उनका बेटा नौकरी के सिलसिले में बाहर रहता है. रविवार देर रात जब मां-बेटी सो रही थीं तभी अचानक उन्हें दरवाजे की आवाज सुनाई दी. नींद खुलने पर जब उन्होंने घर की जांच की तो देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ है और कई जरूरी चीजें गायब हैं. चोर घर से सोना, 50 हज़ार नकद और रोजमर्रा की जरूरत का लगभग सारा सामान अपने साथ ले गए. (नीचे भी पढ़ें)

हैरानी की बात यह है कि चोरों ने गैस सिलेंडर तक नहीं छोड़ा. घर में मौजूद राशन और खाना बनाने के जरूरी सामान पर भी हाथ साफ कर दिया. अब स्थिति यह है कि मां-बेटी के सामने खाने-पीने तक की परेशानी खड़ी हो गई है. घर में न गैस सिलेंडर बचा है और न ही राशन का सामान. सुबह होने पर दोनों मां-बेटी ने अपने बेटे के एक दोस्त रोहित की मदद ली और उसके साथ कदमा थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल परिवार को उम्मीद है कि पुलिस मामले की जांच कर चोरी हुए सामान को बरामद करेगी.












