जमशेदपुर : दीपावली का त्योहार समाप्त होते ही लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां तेज हो गई हैं. शहर के बाजारों से लेकर छठ घाटों तक साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर चहल-पहल शुरू हो गई है. इसी क्रम में खरकई और स्वर्णरेखा नदी के संगम पर स्थित दोमुहानी घाट पर भी छठ व्रतियों के स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. यह घाट अपनी प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक महत्व के कारण शहर के प्रमुख छठ घाटों में शामिल है. दोमुहानी घाट की सबसे बड़ी विशेषता यहां खरकई और स्वर्णरेखा नदियों का संगम है. दो नदियों के मिलन स्थल पर अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
संगम पर बहती जलधारा और नदी का विस्तृत नजारा श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित करता है. कई परिवारों के लिए यह घाट वर्षों से आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र बना हुआ है. स्थानीय निवासी शेखर बताते हैं कि दोमुहानी घाट पर छठ करने के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह रहता है. यही वजह है कि पूजा से करीब दो सप्ताह पहले ही लोग घाट की सफाई और अपने लिए स्थान सुरक्षित करने में जुट जाते हैं. कई लोग नदी किनारे पत्थर लगाकर अपनी जगह निर्धारित कर लेते हैं, ताकि पूजा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो. संगम का खूबसूरत नजारा और शांत वातावरण इस घाट को श्रद्धालुओं की पहली पसंद बनाता है. इधर, घाट पर साफ-सफाई का काम भी तेजी से किया जा रहा है. वहीं, छठ व्रती भारती ने बताया कि वह स्नान करने के लिए घाट पहुंची हैं. आज से ही वह लहसुन-प्याज का सेवन बंद कर छठ के नियमों का पालन करते हुए पर्व की तैयारियों में जुट जाएंगी. छठ महापर्व की शुद्धता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आस्था का अनूठा संगम दोमुहानी घाट पर भी देखने को मिल रहा है. श्रद्धालुओं की तैयारियों से साफ है कि इस बार भी यहां छठ के दौरान आस्था का भव्य नजारा देखने को मिलेगा.












