जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीएच एरिया स्थित टीसी कॉलोनी लिंक रोड में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सनाधार नाग के रूप में हुई है. उनकी उम्र करीब 60 से 70 वर्ष बताई जा रही है. वह बलीग्राम बस्ती में कोऑपरेटिव कॉलेज के बगल के रहने वाले थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे. मृतक के होने वाले समधी ने हत्या की आशंका जताते हुए बताया कि बुजुर्ग का इलाके की एक महिला के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था. आरोप है कि एक दिन पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर मारपीट या विवाद हुआ था. इसके बाद बुजुर्ग की हत्या कर शव को घटनास्थल पर फेंक दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

परिजनों ने घटनास्थल की स्थिति पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि मृतक की साइकिल दूसरी गली में मिली, जबकि चप्पल अलग जगह पर पड़ी थी. शव पर जैकेट पहनाए जाने और शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं होने की बात भी कही गई. परिजनों का दावा है कि मृतक के पैरों में धूल तक नहीं थी, जिससे उन्हें घटना संदिग्ध लग रही है. परिजनों को मृतक के बेटे के एक दोस्त के माध्यम से शव मिलने की जानकारी मिली. इसके बाद वे मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मांग की कि संबंधित महिला के मौके पर आने और पूरे मामले की जानकारी मिलने तक शव को नहीं उठाया जाए. फिलहाल परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. हालांकि, हत्या की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.












