जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर में गोवर्धन पूजा को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. इस पावन अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी अपने परिवार के साथ गौ माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान उनकी पत्नी रुक्मिणी देवी, पुत्र ललित दास और पुत्रवधू सह जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू मौजूद रहीं. सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गौ माता की पूजा की और आशीर्वाद लिया. इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि गोवर्धन पूजा केवल धार्मिक आस्था और परंपरा का पर्व नहीं है, बल्कि यह गौ माता के संरक्षण और उनके प्रति सम्मान का संदेश भी देता है. (नीचे भी पढ़ें)

भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष महत्व है. उन्होंने लोगों से गौ माता की सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की. उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे. भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से हर परिवार खुशहाल रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं आपसी भाईचारा कायम रहे. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर पूरे परिवार के साथ गौ माता की पूजा-अर्चना कर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई. उन्होंने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता का आशीर्वाद झारखंड के सभी लोगों पर बना रहे तथा प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए. उन्होंने कहा कि गौ माता सभी के जीवन में सुख और खुशियां लेकर आएं, यही उनकी कामना है. गोवर्धन पूजा के अवसर पर परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं भी दीं.












