जमशेदपुर : स्वदेशी जागरण मंच, जमशेदपुर महानगर की ओर से श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की 106वीं जयंती के अवसर पर पुष्पार्चना कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर राष्ट्रीय सह-पर्यावरण प्रमुख बंदेशंकर सिंह ने कहा कि श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी का जन्म 10 नवंबर, 1920 को महाराष्ट्र के वर्धा जिले के आर्वी नामक ग्राम में हुआ था. उनका संपूर्ण जीवन एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में बीता। उन्होंने पूर्णकालिक स्वयंसेवक के रूप में केरल, बंगाल एवं असम में प्रचारक के दायित्व का निर्वहन किया. उन्होंने कहा कि स्वदेशी कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त होना होगा तथा संगठन के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए. कार्यकर्ताओं को संगठन के संस्थापक के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेते हुए निर्धारित कार्यपद्धति के अनुसार कार्य करना चाहिए. राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य मनोज कुमार सिंह ने कहा कि दत्तोपंत जी द्वारा स्थापित विभिन्न संगठनों के उद्देश्यों एवं कार्यों की जानकारी प्रत्येक कार्यकर्ता को होनी चाहिए.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से ‘कार्यकर्ता’ नामक पुस्तिका का अध्ययन करने का आग्रह किया. प्रांत सह-पर्यावरण प्रमुख डॉ. अनिल राय ने कहा कि दत्तोपंत जी में बाल्यकाल से ही देशभक्ति की भावना कूट-कूट कर भरी हुई थी। वे मात्र 14 वर्ष की आयु में स्वयंसेवक बने. बीए एवं एलएलबी की शिक्षा प्राप्त करने के बाद वर्ष 1942 में केरल में प्रचारक बने. उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय मजदूर संघ, भारतीय किसान संघ, समरसता मंच, स्वदेशी जागरण मंच एवं लघु उद्योग भारती सहित अनेक संगठनों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस अवसर पर प्रांत विचार प्रमुख डॉ. जटाशंकर पांडेय ने भी श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को स्मरण किया. कार्यक्रम में प्रभारी रमेश कुमार सिंह, डॉ. राकेश पांडेय, गुरजीत सिंह, देबू दत्ता, सतीश श्रीवास्तव, संजीत प्रमाणिक, आभा, स्मिता, प्रीति, सीमा, सुबोध श्रीवास्तव, डॉ. मिथिलेश चौबे, गिरिधर नायक, विनय शर्मा, समीर, उदयन, राकेश सिंह एवं राहुल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे.












