हजारीबाग: नेशनल हाईवे के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सोमवार को हुए हादसे में बगोदर के मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव के टोला सलैयाटांड़ के पांच लोगों समेत कुल छह लोगों की मौत हो गई थी. यहां कंटेनर की एक टक्कर ने ऐसा कहर बरपाया कि आज बिहारो गांव के श्मशान घाट पर एक साथ पांच चिताएं जल उठीं. चिताओं की लपटों के साथ एक भरे-पूरे परिवार की खुशियां राख हो गयी. माहौल ऐसा गमगीन कि जो भी देखे, उसकी रूह कांप गई और आंखों से आंसू छलक पड़े.कुंजो प्रजापति 90 साल के बुजुर्ग, जिनका निधन रविवार को हुआ था. पूरा परिवार इंतजार में था कि मुंबई में कमाने गया छोटा बेटा राजू पंडित आएगा तो अंतिम संस्कार होगा. बेटा प्लेन पकड़कर आया भी, लेकिन पिता को मुखाग्नि देना नसीब नहीं हुआ. सोमवार को पिता के शव को सवारी गाड़ी में लादकर वाराणसी ले जाया जा रहा था. गाड़ी में 19 लोग सवार थे. दिल में एक ही बात थी बुजुर्ग को मोक्ष मिलेगा. (नीचे भी पढ़े)

लेकिन दनुआ घाटी में सामने से आए बेकाबू कंटेनर ने सब कुछ खत्म कर दिया. हादसे में मौके पर ही पांच लोगों ने दम तोड़ दिया, एक ने अस्पताल में. दूसरे दिन मंगलवार को श्मशान में जो पांच चिताएं जलीं उनमें कुंजो प्रजापति, राजू पंडित जो पिता को मुखाग्नि देने आया था, आज खुद पिता के साथ जला. मृतक राजू की पत्नी सावित्री देवी, जो पति के साथ ससुर की अंतिम यात्रा में वाराणसी जा रही थी की भी चिता जलाई गई. राजू की भाभी बुधनी देवी और पड़ोसी रामकिशुन मंडल की भी चिताएं जलाई गई. रामकिशुन मंडल मदद के लिए वाराणसी साथ जा रहा था. राजू पंडित और उसकी पत्नी सावित्री देवी की चिता एक साथ जलाई गई जबकि तीन चिताएं अगल-बगल में जली. कुंजो के घर से एक साथ चार चिताएं निकलीं तो गांव में कोहराम मच गया. महिलाएं दहाड़ मारकर रो पड़ीं, बच्चे सहम गए, बूढ़ों की आंखें पथरा गईं. हादसे में कुंजो की एक और बहू घायल रुबिया देवी आज भी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं. डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है.












