जमशेदपुर: परसुडीह के करनडीह फाटक के समीप नाली जाम होने से सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या गंभीर होती जा रही है. सड़क पर जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आगामी छठ महापर्व को देखते हुए यह समस्या और चिंताजनक हो गयी है. इसी को लेकर सामाजिक संस्था सेवा ही लक्ष्य ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है. संस्था के अध्यक्ष मानिक मल्लिक ने मंगलवार को उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस दिशा में अविलंब कार्रवाई करने का आग्रह किया है.मानिक मल्लिक ने बताया कि करनडीह फाटक के समीप पहले से एक नाली बनी हुई है, जिससे आसपास के घरों और फ्लैटों का गंदा पानी निकलता था. लेकिन कुछ ग्रामीणों ने यह कहते हुए नाली को बंद कर दिया कि इसका पानी उनके खेतों में जमा होने से फसल को नुकसान पहुंच रहा है. (नीचे भी पढ़े)
नाली बंद होने के बाद क्षेत्र के हजारों परिवारों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी अब मुख्य सड़क पर बह रहा है. इससे सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन गयी है और पूरी सड़क गंदे पानी के तालाब में तब्दील हो गयी है. आसपास के मंदिर परिसर के समीप भी गंदा पानी फैल रहा है.मानिक मल्लिक ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी उपायुक्त को जानकारी दी गयी थी. उस समय जांच टीम भी भेजी गयी थी, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए नाली की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाये, ताकि स्थानीय लोगों को गंदे पानी और जलजमाव से राहत मिल सके और छठ महापर्व के दौरान व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो.












