सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिलांतर्गत चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के रावताड़ा चौक के पास चांडिल-पुरुलिया न्यू बाइपासपर तेज रफ्तार ट्रेलर के धक्के से रावताड़ा निवासी अभिजीत गोराई की हुई दर्दनाक मौत के बाद ग्रामीणों द्वारा मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद शाम में खत्म हो गया. जाम स्थल पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये मुआवजा एवं इंश्योरेंस का लाभ दिलाने का आश्वासन देने के साथ ही परिजनों को तत्काल 60 हजार रुपये भी प्रदान किये. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम खत्म कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि रावताड़ा चौक के पास चांडिल-पुरुलिया न्यू बाइपास पर एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक पर सवार रावताड़ा गांव निवासी अभिजित एक निजी फिनांस कंपनी से संबद्ध को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर जा गिरा एवं उसकी तत्काल मौत हो गई. घटना की सूचना पाकर रावताड़ा के ग्रामीण वहां जमा हो गए एवं मृतक अभिजित के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर वहीं सड़क जाम कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने रावताड़ा चौक पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने को लेकर भी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. (नीचे भी पढ़ें)

उनका कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही और तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. पितकी ओवरब्रिज के उद्घाटन के दौरान भी रावताड़ा चौक पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ से की गई थी. उस समय एनएचएआइ के माध्यम से जरूरी इंतजाम कराने का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

उधर सड़क जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ धुरसु वान सिंह, चांडिल बीडीओ तालेश्वर रविदास, नीमडीह बीडीओ कुमार एस अभिनव, थाना प्रभारी संतन तिवारी, पुलिस निरीक्षक राजेश सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. अंततः ट्रेलर मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये मुआवजा दिलाने और इंश्योरेंस का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया. इसमें से तत्काल 60 हजार रुपये का भुगतान किया गया. इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया.












