जमशेदपुर : सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में हुए चर्चित गोलीकांड के आरोपियों पर जेल प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. जेल के अंदर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन और आरोपियों के बीच संपर्क बनाए रखने की आशंका को देखते हुए मामले के प्रमुख आरोपियों को घाघीडीह सेंट्रल जेल से गढ़वा की अलग-अलग जेलों में भेज दिया गया है. यह कदम जेल मुख्यालय के निर्देश पर उठाया गया है. प्रशासनिक निर्णय के तहत गोलीकांड के कथित मास्टरमाइंड रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू शर्मा, मनोज सरकार और शूटर मोहन यादव को श्री बंशीधर नगर स्थित उपकारा में स्थानांतरित किया गया है, जबकि दूसरे प्रमुख साजिशकर्ता दीपू ओझा को गढ़वा जिला जेल भेजा गया है. अलग-अलग जेलों में रखने के पीछे आरोपियों के बीच तालमेल खत्म करने और उनके आपराधिक नेटवर्क को कमजोर करने की रणनीति मानी जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 26 सितंबर को सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार अपराधियों ने घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. इस दौरान हमलावरों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाई थीं. गोलीबारी में डोमिनिक सैमसन, रिजवान, दिलशान उर्फ दानिश और रेस्टोरेंट में मौजूद कृष्णा चौधरी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. घटना के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल बन गया था. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की जांच में इस हमले के पीछे रेलवे ठेकेदारी में वर्चस्व कायम करने और डोबो इलाके में कीमती जमीन के कारोबार को लेकर चल रही पुरानी अदावत सामने आई थी. इसी विवाद में डोमिनिक सैमसन को निशाना बनाने की साजिश रचे जाने की बात जांच में उजागर हुई थी. पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए शूटरों को एक लाख रुपये देने के साथ हथियार और वाहन भी मुहैया कराए गए थे. घटना के बाद जमशेदपुर पुलिस की विशेष जांच टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 28 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर टोल प्लाजा से टीटू शर्मा, मनोज सरकार, दीपू ओझा और शंकर मुंडा को गिरफ्तार किया था. इसके बाद पुलिस ने मुख्य शूटर मोहन यादव को भी दबोच लिया था. हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मोहन यादव के पैर में गोली लगी थी. अब आरोपियों को अलग-अलग जेलों में भेजे जाने से उनके आपसी संपर्क पर रोक लगाने के साथ जेल के भीतर से किसी तरह की आपराधिक साजिश चलाने की संभावना को कम करने की कोशिश की गई है. जेल प्रशासन की इस कार्रवाई को गोलीकांड के आरोपियों के संगठित नेटवर्क पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.












