जमशेदपुर : सड़क दुर्घटना हो या रेल दुर्घटना, किसी भी आपातकालीन स्थिति में घटनास्थल पर समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा घायल व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इस उद्देश्य से इलेक्ट्रिक लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में दक्षिण पूर्व रेलवे सिविल डिफेंस टीम की ओर से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें चक्रधरपुर, रांची, आद्रा एवं खड़गपुर मंडल के रिफ्रेशर एवं प्रमोशनल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 217 लोको पायलट शामिल हुए. (नीचे भी पढ़े)

प्रशिक्षण के दौरान राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य एवं सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि रेल दुर्घटना के समय लोको पायलट प्रथम रिस्पांडर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं इसलिए उन्हें प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक ज्ञान होना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि प्राथमिक उपचारकर्ता का मुख्य उद्देश्य घायल की स्थिति को गंभीर होने से रोकना, दर्द कम करना, रक्तस्राव नियंत्रित करना तथा चिकित्सकीय सहायता मिलने तक आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि एक अच्छे प्राथमिक उपचारकर्ता में तत्परता, शीघ्र निर्णय लेने की क्षमता, सहानुभूति, सूझबूझ और कुशलता के साथ घायल व्यक्ति की गरिमा एवं सम्मान का ध्यान रखने का गुण होना चाहिए. (नीचे भी पढ़े)

आपातकालीन परिस्थितियों में नेक नीयत से मदद करने वाले प्राथमिक उपचारकर्ताओं को कानून के तहत भी संरक्षण प्राप्त है. प्रशिक्षण के दौरान बेहोश व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने, फ्रैक्चर की स्थिति में स्प्लिंट एवं पट्टी बांधने तथा गला घुटने और चोकिंग की स्थिति में प्राथमिक उपचार की विधियों का प्रदर्शन किया गया. पावर पॉइंट एवं डिजिटल माध्यम से भी प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण केंद्र के प्रांगण में डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने सीपीआर, घरेलू गैस लीकेज से बचाव तथा अग्निशमन यंत्रों के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण मॉक ड्रिल के माध्यम से दिया. वहीं डेमोंस्ट्रेटर अनामिका मंडल ने विभिन्न प्रकार की बैंडेज बांधने की विधियों का प्रदर्शन किया.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम के दौरान संतोष कुमार ने क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की. सही उत्तर देने वाले लोको पायलट प्रशांत को सम्मानित किया गया. लोको पायलटों ने सिविल डिफेंस टीम के प्रशिक्षण एवं व्यावहारिक प्रदर्शन की सराहना की. प्रशिक्षण का मुख्य संदेश था कि दुर्घटना के समय मूकदर्शक बनने के बजाय प्रशिक्षित होकर किसी की जिंदगी बचाने में मददगार बनें.












