जमशेदपुर: सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. घटना शनिवार सुबह परसुडीह थाना क्षेत्र के चार खंभा के पास की है. घायल की पहचान परसुडीह के खासमहल निवासी करीब 37 वर्षीय राकेश पात्रो के रूप में हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
घायल राकेश के पड़ोसी ने बताया कि वह शनिवार सुबह पैदल सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगने के बाद राकेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. एमजीएम में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया. फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है. हादसे के बाद टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है.












