जमशेदपुर : टाटा स्टील की सहयोगी संस्था टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से आयोजित देश के सबसे बड़े आदिवासी समागम ‘संवाद-2026’ का भव्य आगाज रविवार को लौहनगरी जमशेदपुर में हुआ. 15 से 19 नवंबर तक चलने वाले इस पांच दिवसीय कॉन्क्लेव का उदघाटन टाटा स्टील के सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने किया. देश के विभिन्न हिस्सों से आए आदिवासी समुदायों, कलाकारों, पारंपरिक वैद्यों, जनजातीय होम शेफ और सांस्कृतिक जानकारों के इस महाकुंभ में स्वदेशी ज्ञान प्रणाली, विविधता और समृद्ध विरासत की अदभुत झलक देखने को मिल रही है. (नीचे भी पढ़ें)

पहले दिन ‘जोहार हाट’ में देश के 15 राज्यों की 34 जनजातियों के शिल्पकारों ने 40 विभिन्न कला रूपों का प्रदर्शन किया. इसके साथ ही पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के स्टॉलों पर 17 राज्यों की 29 जनजातियों के वैद्य और जानकार पीढ़ियों से चली आ रही जड़ी-बूटियों और उपचार विधियों से लोगों को रूबरू करा रहे हैं.

खानपान के शौकीनों के लिए ‘आतिथ्य’ मुख्य आकर्षण रहा, जहां 14 राज्यों की 24 जनजातियों के 100 से अधिक पारंपरिक व्यंजन परोसे गए. इसके माध्यम से लोगों ने आदिवासी समाज के खानपान, स्थानीय वनस्पतियों और आजीविका से उनके गहरे जुड़ाव को करीब से समझा. समारोह के दौरान वैचारिक सत्रों का भी आयोजन हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

‘द सिल्हूट एंड द सर्कल: डीकंस्ट्रक्टिंग आदिवासीयत’ विषय पर चर्चा के दौरान आदिवासी अस्मिता और पहचान पर गहन विमर्श किया गया, जबकि ‘विजन टू वायबिलिटी’ सत्र में पारंपरिक कला और रचनात्मक क्षमता को स्थायी रोजगार व आजीविका के अवसरों में बदलने पर मंथन हुआ. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित उदघाटन समारोह का विशेष आकर्षण जमशेदपुर के बिस्टुपुर गोपाल मैदान की सांस्कृतिक संध्या रही. यहां 251 नगाड़ों की गूंज के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसके बाद ‘कलर्स ऑफ झारखंड’ के तहत न्योन्योक तालोम और कल्पना हांसदा की मनमोहक प्रस्तुतियों ने राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सौरव रॉय ने कहा कि ‘संवाद’ आदिवासी समुदायों के ज्ञान, संस्कृति और उनके जीवन अनुभवों को पहचान देने और उनका उत्सव मनाने का एक सशक्त माध्यम है. वर्षों के सफर में यह एक ऐसे मंच के रूप में विकसित हुआ है, जहां समुदाय एक साथ आकर अपने अनुभव साझा करते हैं और नई संभावनाओं की तलाश करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि फाउंडेशन का प्रयास सांस्कृतिक विरासत को समुदायों की आकांक्षाओं और आधुनिक अवसरों से जोड़ना है, ताकि विकास की अवधारणा को एक नई और समावेशी दिशा मिल सके. आगामी चार दिनों तक संवाद में हस्तशिल्प, पारंपरिक चिकित्सा, व्यंजन, किस्सागोई, संगीत और नृत्य के विभिन्न सत्र आयोजित होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
शहरवासियों के लिए हस्तशिल्प, पारंपरिक वैद्यों के स्टॉल और ‘आतिथ्य’ प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि गोपाल मैदान में शाम 6 बजे से रात 9:30 बजे तक देशभर के जनजातीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी.












