जमशेदपुर : कोलकाता से जमशेदपुर लौटने के दौरान झाड़ग्राम के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया. इस दुर्घटना में बीएस इंटरप्राइजेज के मालिकों की टाटा ऐरिस कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में कार सवार 42 वर्षीय मनीष अग्रवाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 1:45 बजे की है. कार में कुल चार लोग सवार थे. सभी कोलकाता से अपना काम निपटाकर जमशेदपुर लौट रहे थे. इसी दौरान झाड़ग्राम के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि मनीष ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना में बासु (42 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है. वहीं, बीरू (45 वर्ष) के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है. उन्हें भी चोटें आई हैं. कार में सवार चौथे व्यक्ति सचिन (42 वर्ष) को हल्की चोट लगी है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायलों को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया. वहीं, मनीष की मौत की खबर से बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े लोगों और परिचितों में शोक की लहर है. बासु का साकची बसंत सेंट्रल के सामने मोबाइल का दुकान है. फिलहाल हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.












