रांची / जमशेदपुर : बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर झारखंड में दूसरे दिन भी देखने को मिल रहा है, जहां शुक्रवार सुबह से रूक-रूककर बारिश हो रही है. पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांधा में 53.2 एमएम रिकॉर्ड की गयी. चक्रधरपुर में 52.2 एमएम, मंझगांव में 47.2 एमएम, बहरागोड़ा में 46.4 एमएम, गुदड़ी में 43.5 एमएम, सदर चाईबासा में 41.6 एमएम, चाईबासा में 33.4 एमएम, चाकुलिया में 28.6 एमएम, जमशेदपुर में 26 एमएम, मनोहरपुर में 18 एमएम, सिमडेगा में 7.4 एमएम बारिश दर्ज की गयी. जमशेदपुर व आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह जलजमाव हो गया है. 21 नवंबर को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं कहीं भारी बारिश होने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)

इन जिलों में 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट : मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार राज्य के धनबाद, गिरिडीह, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज जिले में भारी बारिश का अनुमान है. शेष जिलों में हल्की बारिश के आसार है. (नीचे भी पढ़ें)
कब से साफ रहेगा मौसम : मौसम विभाग रांची केंद्र के मुताबिक राज्य में अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में (3-4) डिग्री की गिरावट होगी. इसके पश्चात तापमान में वृद्धि होने की संभावना है. 22 नवंबर तक राज्य में सुबह कोहरा के बाद हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. इसके पश्चात 23 नंबर को सुबह कोहरे के बाद मौसम साफ रहेगा.












