जमशेदपुर: जमशेदपुर में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी, नाबालिग के साथ गलत व्यवहार और ब्लैकमेलिंग करने का एक गंभीर मामला सामने आया है. असम (गुवाहाटी) की रहने वाली पीड़िता ममता राय ने शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम के वरीय आरक्षी अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. एसएसपी को सौंपे गये ज्ञापन में ममता राय ने बताया है कि वर्ष 2024 में एक मैट्रिमोनी वेबसाइट के जरिए शादी का प्रस्ताव आया था. इसके बाद अमित विश्वकर्मा नामक युवक असम स्थित उनके घर गया और पिता से रिश्ते की बात की. बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को विधुर बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी और बच्चे की मृत्यु हो चुकी है, जिसकी पुष्टि उसकी मां अनिता देवी ने भी फोन पर की थी. उसके पश्चात कुछ दस्तावेज पीड़िता को भेजा गया, जिसका सत्यापन करने पर वह फर्जी निकला. जब पीड़िता ने स्वयं मामले की पड़ताल की, तो पता चला कि अमित की पत्नी (पूजा शर्मा) और बच्चे जीवित हैं. यहां तक कि उसकी पत्नी ने भी खुद के मृत होने का झूठा दावा किया था. इसी दौरान पीड़िता की बच्ची ने भी अमित विश्वकर्मा पर गलत तरीके से छूने और अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगाया. (नीचे भी पढ़ें)

सच्चाई का पता चलने पर जब पीड़िता जमशेदपुर पहुंची, तो आरोपी अमित विश्वकर्मा, उसकी मां अनिता देवी और पत्नी पूजा शर्मा फरार हो चुके थे. इसके बाद पीड़िता ने आदित्यपुर थाने में मामले की जानकारी दी, जहां पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर केस को गुवाहाटी (असम) के पटासिल आम बाड़ी थाने को स्थानांतरित कर दिया था. वारंट जारी होने के बाद जब असम पुलिस गिरफ्तारी के लिए आदित्यपुर पहुंची, तो आरोपी सपरिवार फरार हो चुका था. बाद में चार्जशीट दाखिल होने और पुनः वारंट निकलने पर आरोपी ने जमानत याचिका दायर की और परिवार की ओर से माफीनामा भी दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पीड़िता का आरोप है कि माफीनामा देने के बाद आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल करना और धमकाना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उस पर जबरन शादी करने का दबाव बनाया जाने लगा. साथ ही, बड़ी रकम की मांग की जाने लगी और पैसे न देने पर अपहरण करने तथा निजी जानकारी व तस्वीरें सोशल मीडिया और रिश्तेदारों के बीच वायरल करने की धमकी दी जाने लगी. बात न मानने पर आरोपी ने पीड़िता की निजी तस्वीरें उसके रिश्तेदारों को भेज भी दीं. लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने 19 नवंबर को बिष्टुपुर थाने में इसकी सूचना दी, जिस पर पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया. पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई है कि आरोपी ने अन्य राज्यों की लड़कियों को भी इसी तरह अपने जाल में फंसा रखा है, इसलिए उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.












