जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिविल डिफेंस एयर रेड एवं ब्लैक आउट मॉक ड्रिल के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी 26 नवंबर को प्रस्तावित मॉक ड्रिल की रूपरेखा, तैयारियों एवं विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई. मॉक ड्रिल का आयोजन रेड क्रॉस भवन, साकची परिसर में किया जाएगा. बैठक में बताया गया कि सेंट्रल आरसीडीसी, कोलकाता से संभावित हवाई हमले की सूचना प्राप्त होने के उपरांत निर्धारित प्रक्रिया के तहत एयर रेड चेतावनी सायरन बजाया जाएगा. इसके बाद संबंधित विभागों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की जाएगी. मॉक ड्रिल के दौरान रेस्क्यू टीम की गतिविधियों, आपातकालीन प्रतिक्रिया, घायलों के बचाव एवं चिकित्सा सहायता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय का अभ्यास किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने रेस्क्यू टीम के मूवमेंट, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तथा बचाव कार्यों की कार्ययोजना को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मॉक ड्रिल के दौरान शेल्टर हाउस के रूप में निर्मल भवन को चिन्हित करते हुए वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई. मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित विभागों एवं स्टेकहोल्डर्स की सहभागिता रहेगी. इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई, बचाव एवं राहत कार्यों की तत्परता तथा विभिन्न एजेंसियों की कार्यक्षमता का परीक्षण करना है. बैठक में एसडीएम धालभूम, अपर उपायुक्त, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, एडीएम एसओआर, जिला परिवहन पदाधिकारी, डीएसपी ट्रैफिक, सिविल डिफेंस के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.












