बहरागोड़ा : बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर बेला चौक के समीप सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे पैदल जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में जख्मी युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना बहरागोड़ा थाना पुलिस को दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान करने में जुटी है. साथ ही दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.















