जमशेदपुर : टाटा स्टील के स्पोर्ट्स विभाग की ओर से जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मोहन आहूजा स्टेडियम में अंतर-विभागीय (आइडी) बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. इस टूर्नामेंट में 36 यूनिट्स के कुल 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में पांच श्रेणियां शामिल थीं, पुरुष टीम स्पर्धा, महिला टीम स्पर्धा, पुरुष एकल, महिला एकल और मिश्रित युगल. टूर्नामेंट के दौरान लगभग 250 मैच खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों की प्रतिभा, प्रतिस्पर्धी भावना और खेल भावना देखने को मिली. यह टूर्नामेंट 18 से 20 नवंबर तक आयोजित किया गया. महिला टीम स्पर्धा में एनआइएनएल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि एइएम उपविजेता रही और टाटा स्टील कलिंगनगर ने तीसरा स्थान हासिल किया. पुरुष टीम स्पर्धा में ओएमक्यू विजेता बना, एइएम दूसरे स्थान पर रही और इएंडपी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. महिला एकल स्पर्धा में एनआइएनएल की अनन्या टिग्गा विजेता रहीं. (नीचे भी पढ़े)
एइएम की डी. लिखिता ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि कलिंगानगर की पायल तीसरे स्थान पर रहीं. पुरुष एकल स्पर्धा में टाटा स्टील यूआइएसएल के ज्योतिंद्र मिश्रा ने विजेता का खिताब जीता. टाटा स्टील कलिंगानगर के आशुतोष पांडा उपविजेता रहे और टाटा स्टील जमशेदपुर ऑपरेशन के आलोक मन्ना ने तीसरा स्थान हासिल किया. मिश्रित युगल स्पर्धा में एनआइएनएल के अनन्या टिग्गा और ए. पांडा ने पहला स्थान हासिल किया. वेस्ट बोकारो के प्रिंस और प्रियंका दूसरे स्थान पर रहे, जबकि टाटा स्टील मेरामंडली के हेमंत और हृषिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. टूर्नामेंट में एएफ ब्लास्ट फर्नेस के चीफ बसंत कुमार सिंह और टाटा स्टील के स्पोर्ट्स चीफ मुकुल विनायक चौधरी उपस्थित रहे. उन्होंने विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित टीम भावना, समर्पण और खेल भावना की सराहना की.












