मेदिनीनगर : विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से बुधवार को डाल्टनगंज जिला स्कूल में सड़क सुरक्षा से संबंधित रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस दौरान छात्र-छात्राओं ने 5 समूह बनाकर उत्साह पूर्वक सड़क सुरक्षा से संबंधित रंगोली बनाई. बच्चों ने सड़क सुरक्षा चिह्न, हेलमेट के उपयोग, सीट बेल्ट के उपयोग, ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीड, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने आदि से संबंधित रंगोलियां सजाईं. पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर आनेवाले विद्यार्थियों के समूह को पुरस्कृत भी किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ग्रुप बी, द्वितीय पुरस्कार ग्रुप ए, तृतीय पुरस्कार ग्रुप ई को प्रदान किया गया. इस दौरान स्कूल में मौजूद छात्र-छात्राओं को जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक, प्रधानाचार्य, वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक एवं सदस्य ने सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी. छात्र-छात्राओं को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए. ओवरस्पीड में कभी भी वाहन नहीं चलाना चाहिए. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात नहीं करनी चाहिए. कभी भी नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन नहीं चलाना चाहिए. कभी भी रैश ड्राइविंग नहीं करना चाहिए. ओवरटेक करते समय आगे के वाहन से दूरी का हमेशा ध्यान रखना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur 108 ambulance service : चार दिन बाद कोल्हान में बहाल हुई 108 एंबुलेंस सेवा, मरीजों को मिली राहत

इसी तरह कोहरे के समय फॉग लाइट का प्रयोग करना चाहिए. 18 वर्ष के कम उम्र वाले व्यक्ति को कभी भी मोटर वाहन नहीं चलाना चाहिए. बच्चों को बताया गया कि यदि कहीं कोई सड़क दुर्घटना होती है तो हम सबों को सबसे पहले घायल व्यक्ति की मदद करनी चाहिए. घायल व्यक्ति को सबसे पहले अस्पताल पहुचाना चाहिए, जिससे उसकी जान बच सके. इस दौरान सरकार की ओर से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि की भी जानकारी दी गई. इसी तरह बच्चों को हिट एंड रन क्या होता है एवं सरकार की तरफ से मिलने वाली मुआवजे की राशि के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई. सभी को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सके. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक, जिला स्कूल के प्रधानाचार्य, शिक्षक- शिक्षिकाएं, जिला परिवहन कार्यालय के बड़ाबाबू, सड़क सुरक्षा के कर्मी, वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक और सदस्य एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.














