जमशेदपुर: झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और घासी (मुखी) समाज की विशिष्ट पहचान को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 29 नवंबर (रविवार) को ‘हांड़ीकोरा जोहार नाइट 2026’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है. यह सांस्कृतिक कार्यक्रम जमशेदपुर स्थित एग्रिको ट्रांसपोर्ट ग्राउंड में शाम 5 बजे से शुरू होगा. इसे लेकर अध्यक्ष ने प्रेंस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण झारखंड के सुप्रसिद्ध नागपुरी गायक एवं अभिनेता नितेश कच्छप होंगे. उनके साथ समाज की लोकप्रिय गायिका सुनैना करवा, झुमर सम्राट रंजीत महतो, रोहिन दास और लाखिंदर करवा भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे. यह ‘हांड़ीकोरा’ घासी (मुखी) समाज की एक प्राचीन और महत्वपूर्ण सांस्कृतिक परंपरा है. साल की सबसे बड़ी अमावस्या यानी कार्तिक अमावस्या के दिन समाज के लोग अपने पूर्वजों को नया धान अर्पित करने के बाद यह पर्व मनाते हैं. यह उत्सव अपने पूर्वजों को याद करने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का प्रतीक है.
इस परंपरा को जीवित रखने और समाज को एक साझा मंच देने के लिए जागो संगठन ने वर्ष 2023 में जमशेदपुर की विभिन्न मुखी बस्तियों में इस पहल की शुरुआत की थी. इस वर्ष आयोजन का नेतृत्व बर्मामाइन्स मुखी बस्ती को सौंपा गया है. वर्तमान मुखिया महेश मुखी के नेतृत्व में बर्मामाइन्स मुखी बस्ती, राजकमल क्लब और जागो संगठन के सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हुए हैं.















