जमशेदपुर : 17 से 28 नवंबर तक आयोजित झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन अवसर पर जमशेदपुर के डीसी ऑफिस (समाहरणालय) में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त राजीव रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस अवसर पर विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों, स्वीकृति पत्र एवं अन्य योजनाओं का लाभ वितरित किया गया. उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला से प्रखंड और पंचायत स्तर पर कई गतिविधियां आयोजित की गई. (नीचे भी पढ़ें)

इसके माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकास की उपलब्धियों को जन-जन से जोड़ने का प्रयास किया गया. विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने, लाभुकों से योजनाओं का बेहतर उपयोग करते हुए अपनी आजीविका एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की अपील की गई. समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कृषि विभाग के 04 लाभुकों को कुल 4.47 लाख रुपये की सौर ऊर्जा आधारित पंप एवं किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की स्वीकृति प्रदान की गई. (नीचे भी पढ़ें)
यह भी पढ़ें: Jamshedpur BJYM protest : अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का धरना, डीसी को सौंपा चार सूत्री ज्ञापन

मत्स्य विभाग के 09 लाभुकों को 44.40 लाख रुपये का बायोफ्लॉक तालाब एवं नाव का लाभ दिया गया. पशुपालन विभाग के 04 लाभुकों को 2.70 लाख रुपये की लागत का ब्रॉयलर कुक्कुट योजना तथा गव्य विकास विभाग के 02 लाभुकों को 2 लाख रुपये की लागत का पनीर-खोआ मेकिंग यूनिट का लाभ प्रदान किया गया. अबुआ आवास योजना के 02 लाभुकों को स्वीकृति पत्र तथा 08 लाभुकों को वन पट्टा प्रदान किया गया. वहीं, जेएसएलपीएस के अंतर्गत फूलो-झानो आशीर्वाद योजना, कैश क्रेडिट लिंकेज, सामुदायिक निवेश निधि एवं समावेशी आजीविका योजना के तहत दो हजार से अधिक लाभुकों के लिए कुल 4.54 करोड़ रुपये की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया. कार्यक्रम में जैक, सीबीएसइ एवं आइसीएसइ बोर्ड की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 7 छात्र-छात्राओं को फोन, लैपटॉप एवं प्रोत्साहन राशि का चेक देकर सम्मानित किया गया. इसके अतिरिक्त 18 सहायक आचार्य को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

सामाजिक सुरक्षा के तहत तीन ट्रांसजेंडर लाभुकों को पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र सौंपा गया. इस प्रकार कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत कुल 5 करोड़ 69 लाख 5 हजार 600 रुपये की परिसंपत्तियों एवं योजनाओं का लाभ लाभुकों के बीच वितरित किया गया. सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य के लिए बोड़ाम प्रखंड के बीडीओ किकु महतो और गोलमुरी सह जुगसलाई के बीडीओ सुमित प्रकाश सहित कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, निदेशक एनईपी राजेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी पंचानन उरांव, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा शत्रुंजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे.















