जादूगोड़ा : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की राखा कॉपर की भूमिगत खदान व प्रोसेसिंग प्लांट में पर्यावरण क्षति को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, रांची की ओर से रोआम स्थित मालती मार्डी स्कूल मैदान में आयोजित जन सुनवाई विरोध व समर्थन के बीच सफल रही. जन सुनवाई की अध्यक्षता घाटशिला एसडीओ अभिताभ भक्त ने की. इस दौरान कंपनी के भूतपूर्व कर्मचारियों ने भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह की अगुआई में ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन कर अपने गुस्से का इजहार किया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि भूत पूर्व कर्मचारियों ने अपने खून-पसीने से इस खदान को सींचा है. वर्ष 2001 में खदान बंद हो गई, जिससे कई कर्मचारियों की पांच साल की सेवा के बाद ही छंटनी हो गई. ऐसे में ग्राम प्रधान के जरिए नियोजन को गलत ठहराया. उन्होंने हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पुराने वायदों की याद दिलाते हुए कहा कि माइंस दोबारा पुनर्जीवित होने पर कंपनी प्रबंधन द्वारा माइंस के भूतपूर्व कर्मचारियों को नियोजन में पहली प्राथमिकता की घोषणा को अमल में लाया जाए, ताकि उनको नियोजन का पूरा हक मिल सके. भूतपूर्व कर्मचारियों में भारी नाराजगी इस बात को लेकर दिखी कि कंपनी प्रबंधन ने वर्ष 2001 में राखा कॉपर माइंस की बंदी के बाद पूर्व कर्मचारियों की अस्पताल जैसी बुनियादी जरूरतें भी छीन ली. कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत होने वाले विकास पर ब्रेक लग गई. वर्ष 1997 में हुए वेज रिवीजन का लाभ व लाखों रुपये का एरियर की वर्षों पुरानी मांग का क्या हुआ, इसका जवाब भी जन सुनवाई में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड से मांगा गया. माइंस खुलने की उम्मीद के बीच उनके पुत्रों की बहाली के नये फॉर्मूले का भी उन्होंने विरोध किया. (नीचे भी पढ़ें)

वहीं, क्षेत्र के जन प्रतिनिधियों व आम लोगों ने खदान खुलने का स्वागत किया एवं बीते 26 सालों से बंद माइंस की पीड़ा शेयर करते हुए कहा कि माइंस खुलने से रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन रुकेगा व क्षेत्र में समृद्धि लौटेगी. इस मौके पर हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की राखा खदान की ठेका कंपनी साउथ वेस्ट माइनिंग लिमिटेड के सीएसआर हेड के अविराम,यूनिट हेड मलय दरीपा, अभिषेक कुमार, हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के वरीय अधिकारियों में अभिषेक, अर्जुन लोहरा, पूर्व जिला पार्षद बाघराय मार्डी, रुआम गांव के ग्राम प्रधान मनोरंजन महतो, मुसाबनी प्रमुख रामदेव हेंब्रम समेत कंपनी के आसपास के दर्जनों गांवों के मुखिया, ग्रामप्रधानों आदि ने हिस्सा लिया व माइंस खुलने के प्रति अपना समर्थन जताया.












