जमशेदपुर : शिक्षा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन की अलख जगाने वाले प्रख्यात शिक्षाविद् एवं कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (कीट) के संस्थापक डॉ अच्युत सामंत का शनिवार की शाम जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक होटल के हॉल में अभिनंदन किया गया. जमशेदपुर शहर के समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले ने उनका सम्मान किया. इस अवसर पर औद्योगिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित थीं. डॉ सामंत रविवार को एनआईटी जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में अपनी 80वीं मानद डी.लिट. उपाधि से सम्मानित होने वाले हैं. उनके जमशेदपुर आगमन की जानकारी मिलने पर शहर के शुभचिंतकों ने उनके अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित किया. अल्प सूचना पर आयोजित इस गरिमामय समारोह में शहर के प्रबुद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम, वाइस प्रेसिडेंट (डाउनस्ट्रीम) उज्जल चक्रवर्ती, आरएसबी के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा, एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ गौतम सूत्रधार तथा टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ शाहनवाज आलम ने अपने विचार व्यक्त किए. वक्ताओं ने शिक्षा, समाजसेवा और वंचित वर्ग के उत्थान में डॉ सामंत के योगदान की सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ सामंत का जीवन अपने आप में एक सीख : डीबी सुंदर राममटाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने कहा कि डॉ अच्युत सामंत के जीवन और उनके कार्यों से सभी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है. उनका पूरा जीवन अपने आप में एक सीख है. शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे कार्य अनुकरणीय हैं. उन्होंने टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल ‘मस्ती की पाठशाला’ का उल्लेख करते हुए कहा कि टाटा स्टील भी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है. जिन बच्चों के माता-पिता नहीं हैं, उनकी उच्च शिक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी कंपनी प्रयासरत है. (नीचे भी पढ़ें)

शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण कर रहे डॉ सामंत : कालेसमारोह के मेजबान अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि डॉ अच्युत सामंत को ईश्वरीय शक्ति प्राप्त है, जिसके माध्यम से वे शिक्षा के जरिए राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहे हैं. समाज के वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़कर उनके जीवन में परिवर्तन लाने का उनका प्रयास प्रेरणादायी है. अमरप्रीत सिंह काले के अभिवादन और आत्मीय स्वागत से डॉ सामंत भावविह्वल हो गए. उन्होंने कहा कि वह स्वयं को एक अच्छा इंसान मानते हैं, जिसमें एक अच्छी आत्मा का वास है. जब कोई नेक इंसान सच्चे मन से किसी को आशीर्वाद देता है, तो वह अवश्य फलित होता है. उन्होंने अमरप्रीत सिंह काले को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि ईश्वर उनके जीवन में कुछ अच्छा करने वाले हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जीवन में जितना ऊपर उठें, उतना ही विनम्र बनें अपने सम्मान में आयोजित समारोह से अभिभूत डॉ सामंत ने अमरप्रीत सिंह काले एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि व्यक्ति जीवन में जितना ऊपर उठे, उसे उतना ही विनम्र बनना चाहिए. साधारण वेशभूषा में समारोह में पहुंचे डॉ सामंत की सहजता और सादगी ने उपस्थित लोगों को प्रभावित किया. उन्होंने अपने जीवन के संघर्षों का उल्लेख करते हुए ईश्वर के प्रति आभार जताया कि उन्हें कीट, किस, किम्स और ‘जॉय ऑफ गिविंग’ जैसी संस्थाओं एवं पहलों के माध्यम से समाज की सेवा करने का अवसर मिला.बिष्टुपुर में हुआ था जन्म, चार वर्ष की उम्र में खोया पिता का सायाडॉ सामंत ने जमशेदपुर से अपने गहरे जुड़ाव का उल्लेख करते हुए बताया कि उनका जन्म बिष्टुपुर में हुआ था. उनके पिता टाटा स्टील में श्रमिक थे. जब वह महज चार वर्ष के थे, तब टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक दुर्घटना में उनके पिता का निधन हो गया था. पिता के निधन के बाद उनकी मां और सात भाई-बहनों के समक्ष आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था. उन्होंने बताया कि करीब तीन महीने तक उनके पिता के सहकर्मियों ने राशन उपलब्ध कराकर परिवार की मदद की. इसके बाद उनकी मां बच्चों को लेकर अपने गांव लौट गईं. डॉ सामंत ने अपने बचपन के संघर्षों और जमशेदपुर से जुड़ी स्मृतियों को भावुक होकर साझा किया. (नीचे भी पढ़ें)
समारोह में शहर की प्रमुख हस्तियां रहीं उपस्थित समारोह में टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी (टुन्नू चौधरी), सीआईआई झारखंड के अध्यक्ष डिल्लू पारीख, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मानव केडिया, आर. रवि, डॉ एसएस राजी, डॉ त्रिपुरा झा, आरबीबी सिंह, अनिल मोदी, योगेश मल्होत्रा, दिव्यांशु सिन्हा, दिलीप गोयल, जवाहर विग, जय कमानी, किलोल कमानी, नकुल कमानी, रणजोत सिंह, सुनील वर्मा, वीनू टोंक, दलजीत सिंह, दीपक गोयल, ज्ञान तनेजा, हर्ष बाकरेवाल, अमित अग्रवाल और शक्ति सेनापति समेत शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.












