जमशेदपुर : ऑल इंडिया मैनेजमेंट एसोसिएशन (आइमा) से जुड़ी विभिन्न कंपनियों से के लगभग 45 प्रतिनिधियों ने जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का दौरा किया. इन लोगों ने यूनियन के गौरवशाली इतिहास को जाना. इस अवसर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी “टुन्नू” ने सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया. स्वागत कार्यक्रम में यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ शहनवाज आलम, संजय सिंह, राजीव कुमार चौधरी, सहायक सचिव अजय कुमार चौधरी, श्याम बाबू उपस्थित थे. सभी पदाधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल का अभिनंदन एवं स्वागत किया. इस अवसर पर यूनियन उपाध्यक्ष डॉ. शहनवाज आलम ने प्रतिनिधियों को टाटा वर्कर्स यूनियन के गौरवशाली इतिहास, स्थापना, विकास यात्रा, श्रमिक आंदोलन में योगदान तथा प्रबंधन और श्रमिकों के बीच सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को मजबूत बनाने में यूनियन की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान इन लोगों ने प्रबंधन और यूनियन के आपसी सौहार्द का राज को भी जानने की कोशिश की. कौन सा ऐसा मंत्र है, जिस कारण इतने सालों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मैनेजमेंट और यूनियन का रिश्ता चल रहा है, यह भी जानने की कोशिश की गयी. इसके पश्चात एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिनिधियों ने ट्रेड यूनियन की कार्यप्रणाली, सामूहिक सौदेबाजी, औद्योगिक संबंधों तथा श्रमिक-प्रबंधन सहभागिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जिज्ञासाएं रखीं. इन प्रश्नों का उत्तर यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ” टुन्नू”, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष डॉ. शहनवाज आलम ने दिया. इस दौरान प्रतिनिधियों और यूनियन पदाधिकारियों के बीच सार्थक एवं ज्ञानवर्धक संवाद हुआ. कार्यक्रम के अंत में डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया. इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने यूनियन स्थित गोपाल हेरिटेज का इन लोगों ने भ्रमण किया तथा टाटा स्टील और जमशेदपुर की समृद्ध औद्योगिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित हुए. यह दौरा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों को ट्रेड यूनियन की ऐतिहासिक भूमिका, औद्योगिक संबंधों और श्रमिक-प्रबंधन के बीच सहयोग की परंपरा को समझने का एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ.















