नोवामुंडी: पश्चिम सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में शनिवार को अंचल प्रशासन की ओर से खासमहल जमीन की मापी शुरू कराई गई. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर जमीन के स्वामित्व, सीमांकन, लीज और संभावित अतिक्रमण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई. प्रशासन की यह कार्रवाई केवल जमीन के रिकॉर्ड के सत्यापन तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ी योजना तैयार की जा रही है. विदित हो कि खासमहल जमीन सरकारी स्वामित्व वाली भूमि होती है, जिसे निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत लीज पर आवंटित किया जाता है. ऐसे में जमीन की मापी और सीमांकन के जरिए सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार वास्तविक स्थिति का पता लगाना महत्वपूर्ण माना जाता है. प्रशासन की इस कार्रवाई के पीछे कई संभावित उद्देश्य हो सकते हैं. (नीचे भी पढ़े)
इनमें जमीन की सीमाओं का निर्धारण, सरकारी अभिलेखों का मिलान, अवैध कब्जों की पहचान, पुराने लीज दस्तावेजों का सत्यापन और राजस्व से जुड़े मामलों की जांच शामिल हो सकती है.इसके अलावा भविष्य में किसी सरकारी योजना या परियोजना के लिए जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी इसका उद्देश्य हो सकता है. बड़ाजामदा एक पुराना खनन क्षेत्र है, जहां वर्षों से बड़ी संख्या में मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हैं. ऐसे में मापी शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों के मन में यह आशंका भी है कि कहीं इसका असर उनके मकानों और दुकानों पर तो नहीं पड़ेगा. फिलहाल मापी को अतिक्रमण हटाने या बेदखली की कार्रवाई मानना जल्दबाजी होगी. इस संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही वास्तविक उद्देश्य स्पष्ट हो सकेगा.अब सभी की नजर मापी पूरी होने और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है.















