जमशेदपुर : टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा महान उद्योगपति जेआरडी टाटा की पुण्यतिथि तथा प्रख्यात मजदूर नेता माइकल जॉन की जयंती संयुक्त रूप से मनाई गई. इस अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के गोपेश्वर हॉल में दोनों महान विभूतियों, स्व जेआरडी टाटा व स्व माइकल जॉन के चित्र पर संयुक्त रूप से माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये गए. यूनियन के अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह समेत यूनियन के तमाम पदाधिकारियों, कमेटी मेंबर्स तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्यों ने बारी-बारी से दोनों महान विभूतियों को पुष्प अर्पित कर नमन किया. तत्पश्चात सभी बिष्टुपुर स्थित क्रिश्चियन सिमेट्री में जाकर माइकल जॉन की कब्र पर माल्यार्पण किया तथा मोमबत्तियां जलाईं. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि जेआरडी टाटा साहब के बारे में जितना कहा जाए कम होगा. वे उद्योग एवं मजदूर दोनों की तरक्की चाहते थे. यही कारण है कि उनके कार्यकाल में अनेक कल्याणकारी कार्य हुए. वहीं माइकल जॉन जैसे महान नेता आज के पीढ़ी के लिए आदर्श हैं. उनकी खूबियां तथा मजदूरों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनकी महानता रही है. महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि जेआरडी टाटा एवं जॉन साहब यूं ही प्रसिद्ध नहीं हुए. दोनों दूरदर्शी सोच के थे. जेआरडी साहब के चलते टाटा घराने को दुनिया में पहचान मिली. उनके कुशल नेतृत्व में टाटा का उद्योग सात समंदर पार तक पहुंचा. उन्हें भारत रत्न मिलना उनके महान व्यक्तित्व को दर्शाता है. वहीं माइकल जॉन साहब भी कम नहीं थे. मजदूरों तथा प्रबंधन के बीच सही तालमेल तथा दूरदर्शी सोच उन्हें इस काबिल बनाया कि वे आज भी सबों के प्रिय हैं. यही कारण है कि हम सब इतनी भारी संख्या में एकत्र होकर आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि मजदूर हित में आवाज उठाने के चलते उनकी पहचान एक सफल लीडर के रूप में आज भी है.











