चाकुलिया : चाकुलिया स्टील फैक्ट्री परिसर में चल रही सात दिवसीय राम कथा, मानस चतुश्शती समारोह सह स्वर्ण जयंती समारोह के सातवें दिन रविवार को कथा ब्यास सीताराम शास्त्री ने कहा कि भगवद्कथा से मानव जीवन को श्रेष्ठ लाभ मिलता है. चाकुलिया में भव्य राम कथा के आयोजन से सभी को दिव्य और भव्य कार्यक्रम का साक्षी बनने का मौका मिला है. राम कथा का अंत नहीं, यह अनंत है. उन्होंने कहा कि कथा के दो रूप हैं, एक समास पद्धति और दुसरा ब्यास पद्धति. दोनों ही पद्धतियों से कथा सुनाना अपराध नहीं है, यह शास्त्र की आज्ञा है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि राम के शरणागतों का जो द्रोह करता है वह राम द्रोही होता है. जीवन के उद्धार का मार्ग संतों से प्राप्त होता है. संत और गुरु के मार्गदर्शन में प्रभु के दर्शन होते हैं. उन्होंने रावण की कथा सुनाते हुए कहा कि रावण का जीवन हम सबके लिए शिक्षा है. रावण निराशावादी व्यक्ति था. उसने प्रभु की भक्ति का मार्ग छोड़ विरोध कर प्रभु को पाना चाहा जिससे उसका अंत हुआ. वहीं विभीषण ने भक्ति कर प्रभु को पाया और उसका जीवन तर गया. जीवन में सकारात्मक सोचिए, निराशावादी न बनें. मनुष्य को आशावादी होना चाहिए. शरीर अस्वस्थ हो, धन बल कम हो, परंतु परिस्थितियां प्रतिकुल हों, जीवन में कभी निराशा ना आए, आशावादी बन कर जीवन में आगे बढ़े, तब जीवन में औषधियां भी काम करती हैं. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि मर्यादा का ग्रंथ है रामचरितमानस. जिसके भजन के मार्ग में धैर्य नहीं, उसका भगवान से साक्षात्कार नहीं होता. निरंतर साधना की आवश्यकता होती है इस मार्ग में. भक्ति नौ प्रकार की होती है जिसे एक भी भक्ति मिल जाए जीवन सफल हो जाता है. उन्होंने कहा कि कर्म यदि भगवान पर भरोसा रखकर करेंगे तो प्रभु की कृपा से पूर्ण होता है. कथा के समापन के पश्चात कथा को सफल बनाने में जुटे सभी सदस्य और मारवाड़ी महिला समिति सदस्य और पत्रकारों को सीताराम शास्त्री ने सम्मानित किया. अंत में महाआरती हुई जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए.














