
जमशेदपुर : टाटा स्टील में मैट्रिक पास रजिस्टर्ड रिलेशंस यानी कर्मचारियों के रजिस्टर्ड बच्चे या परिजन की बहाली को लेकर स्थिति साफ हो गयी है. बहाली को लेकर समझौता हो गया है कि तीन साल में समझौता होगा. पहले साल 175 की बहाली होगी जबकि दूसरे साल 175 की और तीसरे साल 150 लोगों की बहाली होगी. रजिस्टर्ड रिलेशंस की बहाली की परीक्षा फरवरी 2021 में संभावित है, लेकिन इसका फार्म नवंबर माह के अंत तक निकल जायेगा. वैसे यूनियन के पदाधिकारियों के मुताबिक, अगर नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में किसी कारण से नहीं निकली तो दिसंबर के पहले सप्ताह में तो बहाली का फार्म तो जरूर निकल जायेगा. बहाली में हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषा में परीक्षा देने की इजाजत होगी यानी जो सहूलियत हो, वह भाषा में आवेदक अपनी परीक्षा दे सकते है. एक साथ 500 की बहाली की परीक्षा होगी, लेकिन पहले साल 175, दूसरे साल 175 और तीसरे साल 150 लोगों को नौकरी में ज्वाइन कराया जायेगा, इस बीच एक साल की ट्रेनिंग दी जायेगी, जिसमें सरकार के गाइडलाइन के मुताबिक स्टाइपेंड दिया जायेगा. इसके अनुसार पहले ट्रेनिंग समाप्त हो जायेगी उसके बाद सबकी ज्वाइनिंग करायी जायेगी. 42 साल तक के लोग इसके लिए अपना आवेदन दे सकते है. 18 से 42 साल तक की उम्रसीमा निर्धारित की गयी है. वैसे लोगों को अभी से ही बहाली के फार्म का इंतजार होने लगा है और इसके लिए लॉबिंग शुरू कर दी गयी है. इस बहाली की और खासियत यह है कि इसमें सिर्फ लिखित परीक्षा होगी, उसके बाद किसी तरह का कोई इंटरव्यू नहीं होगा, सीधी परीक्षा का रिजल्ट और ज्वाइनिंग हो जायेगी. हिंदी और अंग्रेजी दोनों में किसी एक भाषा में परीक्षा देने और मैट्रिक का कट ऑफ मार्क रखने के कारण सबको लाभ होगा. टाटा स्टील के ट्रेड अप्रेंटिस की भी बहाली हर साल निकलती थी, लेकिन कोरोना के कारण इस साल अप्रेंटिस के लिए बहाली नहीं हो रही है. इसकी बहाली एक साथ 2021 के जून या जुलाई माह तक निकलने की उम्मीद है, जिसको लेकर सारे लोगों को इंतजार होता है. इस बार बहाली नहीं निकलने से मायूसी थी, लेकिन 2021 में जरूर बहाली निकलने वाली है.














