
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई टिस्को ग्रोथ शॉप की अधीकृत यूनियन टिस्को मजदूर यूनियन के प्रबंधन के लोगों के साथ सोमवार को वर्चुअल मीटिंग हुई. इसमें टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, दिनेश उपाध्याय, दिलीप महतो, रंजन कुमार, ओम प्रकाश पाठक, मिंटू पात्रा, कौशल कुमार उपस्थित थे. यूनियन के जीसी श्रीवास्तव और प्रभु करण चित्रगुप्त पूजा होने के कारण उपस्थित नहीं हो पाए. प्रबंधन की ओर से चीफ एचआरएम राजेश चिंतक, गौतम मसरख एवं टीजीएस में नए सीनियर मैनेजर सुजीत कुमार मिश्रा ने ऑनलाइन मीटिंग की. टिस्को मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कर्मचारियों के लंबित मुद्दे और ज्वलंत मुद्दे हैं, जैसे टीपीआर और प्रमोशन इस पर वार्ता की. राजेश चिंतक ने जानकारी दी कि इस पर हम लोग काम कर रहे हैं और 15 दिनों के भीतर यूनियन के साथ बैठकर वार्ता करेंगेय उसके बाद श्री पांडेय ने कहा कि नए और पुराने कर्मचारियों का बहुत दिनों से लंबित प्रमोशन है जिसे जल्द से जल्द किया जाए. इस पर एचआरएम पदाधिकारी राजेश चिंतक ने जवाब दिया कि पहले 25 लोगों का प्रमोशन हो चुका है. अभी हमारे लिस्ट में 116 लोग हैं, जिसकी तैयारी चल रही है, बहुत जल्द इस पर कार्रवाई की जाएगी. कमेटी के लोगों ने भी इस पर अपनी राय रखी. इस पर राजेश चिंतक ने कहा कि हम लोग मिलजुलकर उसको बहुत जल्द सॉल्व कर लेंगे. फिर राकेश्वर पांडेय ने पुराने लोगों का जिनका बहुत वर्षों से प्रमोशन नहीं हो पाया है, उसके लिए भी बात की, जिसके लिए राजेश चिंतक ने कहा कि हमारे पास ऐसे लोगों का लिस्ट नहीं है, आप लोग लिस्ट दीजिए, उस पर कार्रवाई की जाएगी और यह जानकारी लीजिए कि आखिर किस कारण से उन लोगों का इतना दिन तक प्रमोशन पेंडिंग रहा. उसके बाद यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कर्मचारी पुत्रों की बहाली पर चर्चा की कि बहुत दिनों से टीजीएस में कर्मचारी पुत्र की बहाली नहीं हो पाई है. एक बार 100 लोगों को लेने की बात हो गई थी और वह परीक्षा केंद्र पहुंच भी गए थे पर अंतिम समय में परीक्षा रद्द हो गई, उसे पुनः करने की बात कही. इस पर राजेश चिंतक ने कहा कि इस विषय पर वीपी अवनीश गुप्ता के लेवल की बात है वहां पर रखी जाएगी और इस पर वार्ता की जायेगी. मीटिंग मुख्यतः टीपीआर, प्रोमोशन और बहाली को लेकर की गई थी जो काफी सकारात्मक रहा और जल्द ही ज्वाइंट कमिटी बनाकर मीटिंग को रेगुलराइज करने के लिए बात की गई. इस मीटिंग में महामंत्री पद पर शिवलखन सिंह को भी बुलाया गया था, लेकिन वे मीटिंग में शामिल नहीं हुए. राकेश्वर पांडेय ने अपनी कमेटी को बनाये रखा है.






