
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का चुनावी माहौल गर्मा गया है. इस माहौल के बीच तल्खी तेजी से बढ़ती जा रही है. इस कड़ी में 26 जनवरी को दिन के वक्त स्पेयर मैनुफैक्चरिंग डिपार्टमेंट (एसएमडी) से अरविंद पांडेय और गुट के प्रत्याशी अशोक कुमार नायक ने पहले एक एफआइआर सिदगोड़ा थाना में लिखकर दिया था, जिसमें यह बताया गया था कि वे एसएमडी से चुनाव लड़ रहे है. उनके नामांकन पर प्रस्तावक अमित पाल और संतोष कुमार शाह ने हस्ताक्षर भी किये थे. इसके बाद 26 जनवरी को एसएमडी से कई बार चुनाव जीत चुके मनोज कुमार मिश्रा अपने सहयोगियों के साथ आये और धमकी दी. जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज करा दी. इस मामले में अशोक कुमार नायक ने मनोज मिश्रा और मनोज मिश्रा के भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज होते ही माहौल गर्मा गया. आनन-फानन में रात करीब 11 बजे टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व डिप्टी प्रेसिडेंट और अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संजीव चौधरी टुन्नु और सतीश सिंह मनोज कुमार मिश्रा के साथ पहुंचे. इन लोगों ने आरोप लगाया कि मनोज मिश्रा अपने विभाग के वोटर के पास गये थे. इसी बीच अचानक से अरविंद पांडेय और अन्य लोग आ गये और उनके साथ गाली गलौज और मारपीट करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी. इन लोगों ने रात को सिदगोड़ा थाना में शिकायत दर्ज करायी. इसके बाद अचानक से मैनजमेंट का भारी दबाव आया, जिसके बाद दोनों ही गुट सिदगोड़ा थाना पहुंचे. इसके बाद दोनों के बीच लिखित समझौता हो गया. लिखित समझौता में यह लिखा गया है कि दोनों एक दूसरे को नहीं धमकायेंगे. इसके बाद मामला शांत हो गया और दोनों के बीच थाना में लिखित समझौता हो गया.

इस मामले की शिकायत करने पर फिर से टाटा वर्कर्स यूनियन के वर्तमान डिप्टी प्रेसिडेंट और अध्यक्ष के दावेदार अरविंद पांडेय, यूथ इंटक के अध्यक्ष अंजनी पांडेय उपश्रमायुक्त (डीएलसी) के पास पहुंचे. डीएलसी से लिखित शिकायत की गयी है कि यूनियन चुनाव में लगातार धमकाया जा रहा है. उपश्रमायुक्त राजेश प्रसाद ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है. इस बीच अरविंद पांडेय ने कहा है कि प्रस्तावक का नाम गुप्त रखा जाता है, लेकिन चुनाव पदाधिकारी संतोष सिंह लगातार संजीव चौधरी टुन्नु और सतीश सिंह को मदद पहुंचा रहे है. संतोष सिंह ने ही नामों को लीक किया है, जिसके बाद यह मामला हुआ है. टाटा वर्कर्स यूनियन में बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच भी की गयी. इसकी जांच में जो गड़बड़ पाया जायेगा, उसका नामांकन रद्द किया जायेगा. वैसे अब तक कोई गड़बड़ी नहीं पायी गयी है. शाम तक स्क्रुटनी के बाद की सूची जारी होगी और गुरुवार को नामांकन वापसी का दिन है, जिसके बाद फाइनल उम्मीदवारों की सूची जारी की जायेगी.

टाटा वर्कर्स यूनियन चुनाव में गड़बड़ी का मामला पहुंचा डीसी के पास
टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में कोक प्लांट के कर्मचारी रजनी कान्त ओझा ने विगत दिनों से निर्वाचन संख्या बदले जाने की शिकायत लेबर कमिश्नर से भी किए थे. लिखित शिकायत उपायुक्त से की गयी है और इस विषय परर संज्ञान लेने का अनुरोध किया है. जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती तब तक निर्वाचन संख्या TWU/2021/010 और TWU/2021/008 में चुनावी प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है.






