
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 8 के काशीडीह में निगम प्रशासन द्वारा अजय कुमार पांडे, उदय नाथ पांडे, सूरज प्रकाश पांडे एवं इनकी बहन मंजू राय की रैयती जमीन पर बने बाउंड्री वॉल को बुधवार देर शाम ध्वस्त कर दिया गया. हैरान करनेवाली बात ये है कि जमीन मालिक द्वारा अपने जमीन से सम्बंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद भी गम्हरिया सीओ, आरआईटी थाना पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई.
निगम की इस कार्रवाई के बाद जमीन मालिक अजय कुमार पांडे ने नगर आयुक्त, सिटी मैनेजर, गम्हरिया सीओ व अन्य पदाधिकारियों पर ऑनलाइन एफआईआर दर्ज करा दिया है. जानकारी देते हुए जमीन मालिक अजय कुमार पांडे ने बताया कि उनकी जमीन 5. 51 डिसमील जमीन पर उनका उनके भाई उदय नाथ पांडे, सूरज प्रकाश पांडे और बहन मंजू राय का कब्जा है, जिसका खाता संख्या 64 और खेसरा संख्या 353 है. जिनका वे नियमित मालगुजारी जमा कराते हैं. वहीं नगर में भी उनका मकान निबंधित है, जिसका होल्डिंग नम्बर 0080001264000M0 है, जिसका टैक्स उनका परिवार नियमित रूप से जमा करा रहा है.

बावजूद इसके बगैर किसी पूर्व सूचना के निगम प्रशासन द्वारा यह कार्रवाई की गई. उन्होंने बताया, कि वे और उनका परिवार नगर आयुक्त, सीओ, आरआईटी थाना प्रभारी के समक्ष सारे कागजात दिखाते रहे और बुलडोजर ना चलाने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन किसी भी पदाधिकारियों ने उनका या उनके परिवार के किसी भी सदस्यों की फरियाद नहीं सुनी और लगभग 15 फीट बाउंड्री वॉल जबरन ध्वस्त कर दिया.

उन्होंने इसकी शिकायत जिले के उपायुक्त और मुख्यमंत्री से भी किए जाने की बात कही है. वही इस संबंध में आदित्यपुर नगर निगम के आयुक्त एवं सिटी मैनेजर से जब दूरभाष पर संपर्क किया गया, तो दोनों ही अधिकारियों ने फोन रिसीव नहीं किया. वहीं आआरआईटी थाना प्रभारी ने बताया, कि पीएम आवास योजना के तहत जमीन चिन्हित किया गया है.

एक साल पूर्व ही अवैध कब्जाधारी लोगों को सूचित कर दिया गया था, बावजूद इसके कब्जा नहीं हटाए जाने के कारण यह कार्रवाई की गई है. जमीन की मापी कराई गई थी. जिसमें सरकारी जमीन पर अतिक्रमण पाया गया, इसलिए यह कार्रवाई की गई है.








