
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बेल्डीह क्लब के कर्मचारियों का वेज रिवीजन (वेतन पुनरीक्षण) का समझौता हुआ. इसके तहत कर्मचारियों का वेतन से लेकर तमाम सुविधाओं में बढ़ोत्तरी हुई. मैनेजमेंट और कैंटीन होटल रेस्टोरेंट वर्कर्स यूनियन के बीच यह समझौता हुआ, जिसके तहत कर्मचारियों का हर माह 1500 रुपये की बढ़ोत्तरी हो गयी. इस नये समझौता को 1 सितंबर 2020 से लागू किया गया है. इसके तहत करीब 90 फीसदी कर्मचारी इएसआइ की सुविधा से बाहर आ जायेंगे और उनको टीएमएच में मेडिकल की सुविधाएं मिलने लगेगी. टीएमएच के एक चिकित्सक बेल्डीह क्लब में एक सप्ताह में दो दिन क्लब में आयेंगे ताकि वहां के कर्मचारियों को ओपीडी की सुविधा भी मिल सके. कर्मचारियों को ओपीडी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. करीब छह माह के भीतर कर्मचारियों को नया मेडिक्लेम पॉलिसी से जोड़ दिया जायेगा ताकि उनको चिकित्सा की सुविधा मिल सके. इसके अलावा कर्मचारियों के बदले उनके परिजनों को नौकरी देने के लिए मेडिकल सेपरेशन स्कीम और जॉब फॉर जॉब स्कीम भी एक माह के भीतर लाने का फैसला लिया गया. इसके बाद चार कर्मचारियों को सेवानिवृति के बाद विदाई दी गयी. इस समझौता पर प्रबंझन की ओर से चेयरमैन उत्तम सिंह,ह मानद सचिव अमिताभ बक्शी, सदस्य एक्जीक्यूटिव कमेटी भावुक गुप्ता, बेल्डीह क्लब के जीएम गुरप्रीत सिंह जोहार, एचआर पम्पा दास जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, डिप्टी प्रेसिडेंट बीके डिंडा, यूनियन के सदस्य जुल्फिकार अली, इब्राहिम और अजीत सिंह ने हस्ताक्षर किये.






