
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत ईसीसी फ्लैट नंबर 369 ए निवासी टाटा स्टील की कर्मचारी रूबी कुमारी (26) ने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की सूचना पुलिस को तब हुई जब रूबी के मंगेतर संतोष कुमार सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी. इधर सूचना पाकर पुलिस और जुस्को कर्मी मौके पर पहुंचे और कमरे के बाहर ग्रिल में लगा ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे. रूबी के शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने टीएमएच के शव गृह में रखवा दिया है. रूबी कुमारी मूल रूप से रामगढ़ जिला के खलारी की रहने वाली थी. स्थानीय लोगों के अनुसार रूबी लगभग 2 साल से फ्लैट में अकेली रह रही थी. वह किसी से बात भी नहीं करती थी. उसकी शादी मानगो निवासी संतोष कुमार सिंह से होने वाली थी. संतोष टीमकेन का कर्मचारी है. संतोष ने पुलिस को बताया कि शाम को रूबी ने उसे फोन किया और आधे घंटे बात करने की बात कही. उसने रूबी को कहा कि वह उसके घर आकर बात करेगा. आधे घंटे में जब वह रूबी के घर पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद पाया. पीछे खिड़की से देखा तो रूबी फंदे से लटकी हुई थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






