आदित्यपुर : गम्हरिया गुरुद्वारा साहिब में रविवार को ‘अमृतवेला परिवार’ के तत्वावधान में भव्य अमृतवेला समागम का आयोजन किया गया. समागम में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में संगत ने भाग लेकर गुरुवाणी कीर्तन और आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया. समागम में पहुंची संगत का आतिशबाजी कर भव्य स्वागत किया गया. श्रद्धालु गुरु की वाणी में लीन होकर भक्ति रस में सराबोर होते रहे. आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से संगत को लाने हेतु विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई थी. कार्यक्रम को सफल बनाने में गम्हरिया गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का विशेष योगदान रहा. समागम के अंत में लंगर का आयोजन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अमृतवेला परिवार के सेवादारों ने बताया कि समागम का मुख्य उद्देश्य संगत को अमृतवेला, आसा की वार और पवित्र गुरुवाणी से जोड़ना तथा नियमित रूप से आध्यात्मिक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि इस पहल को जमशेदपुर की संगत का लगातार भरपूर सहयोग और उत्साह मिल रहा है. समागम के दौरान जानकारी दी गई कि अगला अमृतवेला समागम जुगसलाई स्टेशन रोड गुरुद्वारा साहिब में आयोजित होगा. इसके अलावा भविष्य में रांची और घाटशिला में भी ऐसे धार्मिक समागम आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु गुरुवाणी से जुड़ सकें.




