
आदित्यपुर : सरायकेला- खरसावां जिला में सरकारी अनाज की कालाबाजारी का गोरखधंधा बदस्तूर जारी है. आपको बता दें, कि पिछले महीने ही आदित्यपुर थाना अंतर्गत दिंदली बस्ती के पीडीएस डीलर श्याम अग्रवाल की दुकान से सरकारी अनाज खुलेआम ढोने के क्रम में स्थानीय लोगों ने गया साव को दबोचा था. उस वक्त डीलर श्याम अग्रवाल खुद गया साव के साइकिल पर सरकारी अनाज लदवाता नजर आया था, लेकिन सरकारी अनाज इधर-उधर करने में माहिर गया साव चकमा देकर भागने में सफल रहा था. वहीं मीडिया में खबर छपने के बाद भी सरकारी विभाग के अधिकारियों ने इस ओर ध्यान तक नहीं दिया. (नीचे भी पढ़ें)

इधर बुधवार को एक बार फिर से आदित्यपुर गुमटी बस्ती विकास समिति के लोगों ने गया साव को सरकारी अनाज की हेराफेरी करते आदित्यपुर थाना से सटे बिजली विभाग के कार्यालय के गेट के पास रंगेहाथ दबोचा और सरकारी अनाज के साथ आदित्यपुर थाना के हवाले कर दिया. आदित्यपुर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. गौरतलब है कि पीडीएस डीलरों के गोदाम से गया साव सरकारी अनाज की हेराफेरी के आरोप में कई बार जेल जा चुका है. गया साव गम्हरिया प्रखंड के पीडीएस डीलरों का चहेता माना जाता है. आखिर गया साव के इस गोरखधंधे के पीछे एमओ और जिला आपूर्ति पदाधिकारी भी क्यों चुप्पी साध रखे हैं, ये जांच का विषय है. वही इस संबंध में आदित्यपुर गुमटी बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष सह भाजपा नेता विशु महतो ने आदित्यपुर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी से गम्हरिया प्रखंड के सभी पीडीएस डीलर के भूमिका की जांच किए जाने की मांग की है. साथ ही गया साव के पास से मिले सरकारी अनाज की भी जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है. इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के युवा जिला अध्यक्ष विशेष कुमार तांती उर्फ बाबू तांती, मनोज सोनकर, रूपलाल महतो समेत अन्य लोग उपस्थित थे.













