आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना पुलिस को ब्राउन शुगर कारोबारियों के खिलाफ एक और सफलता हाथ लगी है. आदित्यपुर पुलिस ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर मुस्लिम बस्ती एच रोड के पास से ब्राउन शुगर की बिक्री कर रहे एक तस्कर को 102 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ धर दबोचा है. गिरफ्त में आये तस्कर का नाम आजाद अंसारी उर्फ छोटकू बताया जा रहा है जो जमशेदपुर के जुगसलाई थानांतर्गत गरीब नवाज कॉलोनी का रहने वाला है. इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी राजन कुमार ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मुस्लिम बस्ती एच रोड के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है. उक्त सूचना के आधार पर वरीय पदाधिकारियों को सूचित करते हुए आरक्षी जितेंद्र चौहान, अशोक कुमार यादव एवं हरिश्चंद्र तिरिया के साथ मुस्लिम बस्ती एच रोड में छापेमारी की गयी जहां से आजाद अंसारी उर्फ छोटकू को हिरासत में लिया गया. तलाशी लेने पर उसकी पैंट के दाहिने पॉकेट के अंदर से छोटी- छोटी 103 पुड़िया बरामद की गईं. जांच के क्रम में वह ब्राउन शुगर निकला, जिसे जब्त करते हुए आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.



