
सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत एस टाइप के समीप कारोबारी सुजय नंदी की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टाटा- कांड्रा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए हत्यारों को भागने में सहयोग करने का आरोप लगाया. स्थानीय लोगों का कहना है, कि हत्या के बाद हत्या कर भाग रहे अपराधियों को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया था, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस हत्यारों का मुकाबला न कर सकी और आसानी से हत्यारे मुस्लिम बस्ती की तरफ भाग निकले.
उधर सड़क जाम की सूचना मिलते ही सरायकेला- खरसावां पुलिस एवं प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन सड़क जाम कर रहे स्थानीय लोग टस से मस नहीं हुए. वहीं सड़क जाम का नेतृत्व कर रहे आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. बावजूद इसके लोगों का आक्रोश शांत नहीं हुआ और सभी सड़क पर जमे हुए हैं. उधर कारोबारी सुजय नंदी के परिजनों ने प्रशासन और सिस्टम पर सवाल खड़े करते हुए कहा, कि सिस्टम पर से भरोसा उठ चुका है. परिजनों का कहना है, कि इससे पूर्व भी सुजय पर जानलेवा हमला हुआ था, लेकिन अपराधी आज भी खुले में घूम रहे हैं. हालांकि प्रशासन के वरीय पदाधिकारी परिजनों एवं आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हुए हैं. गौरतलब है कि बुधवार सुबह कारोबारी सूजय नंदी को बेखौफ अपराधियों ने गोली मार दी थी. जिसका इलाज के क्रम में टाटा मुख्य अस्पताल में मौत हो गया था बताया जा रहा है कि हत्या कर भाग रहे अपराधियों को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया था लेकिन पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रही थी



