आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शर्मा बस्ती में शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों का तांडव देखने को मिला. दोपहर करीब 3 बजे राहुल पंडित ने दीपक मिश्रा के घर पहुंचकर उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की और इनकार करने पर जानलेवा हमला कर इलाके में दहशत फैला दी. अचानक हुई इस घटना से पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. मिली जानकारी के अनुसार राहुल पंडित दोपहर करीब 3 बजे शर्मा बस्ती स्थित दीपक मिश्रा के आवास पर पहुंचा. उसने विक्की नदी और बिट्टू नदी का नाम लेते हुए दीपक मिश्रा से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी. जब दीपक मिश्रा ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो आरोपी उग्र हो गया और हिंसक रूप अपना लिया. रंगदारी नहीं मिलने पर दीपक मिश्रा पर चापड़ से हमला किया गया, जिसमें उन्हें हल्की चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)
इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनकी गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और घर के बाहर तीन राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी. फायरिंग की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और कई लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए. बताया जा रहा है कि राहुल पंडित अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा था. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए. राहुल पंडित का निवास स्थान विद्युत नगर बताया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
दिनदहाड़े रंगदारी, जानलेवा हमला और फायरिंग की यह घटना क्षेत्र में बढ़ते अपराध के खतरे को उजागर करती है. खुलेआम नाम लेकर धमकी देना और हथियारों का इस्तेमाल करना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का संकेत है. अब पुलिस कार्रवाई पर नजर रहेगी कि कितनी तेजी से आरोपियों को पकड़कर इलाके में भरोसा बहाल किया जाता है.











