जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के साथ एसएसएस मेहता इंडस्ट्रीज लि. की ओर से बुधवार को आदित्यपुर एसिया भवन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर में 150 से अधिक लोगों ने अपनी स्वास्थ्य-जांच कराई, जिसके पश्चात जरूरत के अनुसार उन्हें निःशुल्क दवाइयां एवं परामर्श भी प्रदान किया गया. शिविर में कम्पनी कर्मियों सहित बाहर से आये सामान्य नागरिकों को भी स्वास्थ्य शिविर की सेवा प्रदान की गई. शिविर में स्वास्थय जांच के साथ ही, नेत्र जांच की व्यवस्था भी की गई, जिसमें नेत्र चिकित्सकों की टीम ने जरूरत के अनुसार दवा के साथ चश्मा एवं निःशुल्क मोतियाबिन्द ऑपरेशन के लिए भी निर्देशित किया. शिविर के दौरान चिकित्सक डॉ बीपी सिंह, डॉ जया मोइत्रा एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम के साथ रेड क्रॉस कार्यकर्ताओं ने शिविर में अपनी सेवा प्रदान की. पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, वाइस पेट्रॉन राजेश मोहन प्रसाद एवं एसएसएस मेहता इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी शिविर में उपस्थित रहे. कम्पनी द्वारा अगले महीने एक फॉलोअप शिविर का आयोजन भी रेड क्रॉस के सहयोग से किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

यूसिल की ओर से कल डुडरा में स्वास्थ्य शिविर कल
पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी के साथ यूसिल के सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत गुरुवार, 30 अप्रैल को डुडरा उच्च विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

बिहार एसोसिएशन के शिविर में 104 यूनिट रक्तदान
पूर्वी सिंहभूम रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से चलाये जा रहे रक्तदान एवं रक्त जागरूकता अभियान से गर्मी के मौसम में भी नियमित रूप से जरूरतमंदों को रक्त एवं रक्त कम्पोनेंट की आपूर्ति हो पा रही है. इससे जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में आसानी हो रही है. इसी कड़ी में 28 अप्रैल को रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से बिहार एसोसियेशन की ओर से अपने शताब्दी वर्ष पूरे होने पर संस्थापक केएनएस शर्मा की जयंती पर राजेन्द्र विद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन हुआ. इसमें 104 यूनिट रक्तदान हुआ, जिससे इस मौसम में रक्त आपूर्ति में सहायता प्राप्त हुई. रक्तदाताओं को रेड क्रॉस के एसडीपी डोनेशऩ प्रभारी प्रभुनाथ सिंह एवं जमशेदपुर ब्लड सेंटर के वरीय चिकित्सक डॉ एलबी सिंह ने सम्मानित कर प्रोत्साहित किया. वहीं रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने सभी को अपनी शुभकामना प्रेषित कर आभार व्यक्त किया.




