जमशेदपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा एसएसएस मेहता इन्डस्ट्रीज लि. के साथ कम्पनी के सीएसआर कार्यक्रम के तहत आदित्यपुर स्थित एसिया भवन में स्वास्थ्य शिविर सम्पन्न हुआ, जिसमें 61 रोगियों की जांच कर उन्हें जरूरत के अनुसार परामर्श व चिकित्सा नेत्र चिकित्सक डॉ. बीपी सिंह, डॉ. जया मोइत्रा एवं उनके सहयोगी चिकित्सीय टीम द्वारा दिया गया. इस दौरान नेत्र से सम्बन्धित 16 लोगों को चश्मा जांच कर प्रदान किया गया, वहीं 3 नेत्र रोगियों का मोतियाबिन्द ऑपरेशन के लिए चयन किया गया, जिनका ऑपरेशन 11 जुलाई से शुरु हो रहे नेत्र शिविर में बागबेड़ा थाना चौक स्थित राम मनोहर लोहिया नेत्रालय में होगा. (नीचे भी पढ़े)

शिविर का संचालन रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह ने किया, शिविर को सफल बनाने में एसएसएस मेहता इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया. शिविर में रेड क्रॉस कार्यकर्ता व वाईस पेट्रन राजेश मोहन प्रसाद, राधेश्याम कुमार, मुकेश बेरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. इस शिविर के पश्चात 2 जून को आदिवासी नवयुवक क्लब, तालसा में यूरेनियम कारपोरेशन ऑफ इंडिया के सीएसआर से रेड क्रॉस सोसाईटी पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण स्वास्थ्य शिविर का आयोजन होगा, जिस शिविर से तालसा, तुरामडीह, छोटा तालसा, बिंदापुर, धतकीडीह, पाथरडीह गांव के आदिवासी व ग्रामीण लाभान्वित हो सकेंगे.(नीचे भी पढ़े)
5 जून से 219वां सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण
जमशेदपुर: भारतीय रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा प्रत्येक महीने आयोजित होने वाला 6 दिवसीय सेफ्टी फर्स्ट एड डिजास्टर मैनेजमेंट प्रशिक्षण सत्र 5 जून से 10 जून तक शहर के साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किया जायेगा. रेड क्रॉस सोसाईटी, पूर्वी सिंहभूम का यह नियमित 219वां ट्रेनिंग बैच होगा, जिसमें हमेशा की तरह कम्पनी क्षेत्र के अन्तर्गत सबसे महत्वपूर्ण सेफ्टी और उनके उद्देश्यों से परिचित कराया जायेगा. फर्स्ट एड एवं सम्बन्धित सभी विषयों से लेकर सुरक्षा चूक होने पर फर्स्ट एड तकनीक पर लिखित व व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा. वर्तमान में हीट स्ट्रोक, हार्ट फेल्योर, हार्ट अटैक होने पर दी जाने वाली सहायता के साथ सीपीआर विथ माउथ टू माउथ रेस्पिरेशन से सम्बन्धित जानकारी दी जायेगी. 4 जून तक बिष्टुपुर स्थित रेड क्रॉस ऑफिस में तथा 5 जून को रेड क्रॉस भवन में आयोजित ट्रेनिंग सत्र के पहले दिन सीधे नामांकन प्रतिभागी करवा सकते हैं.







